वैशाली: बिहार में एक बार फिर अपराधियों ने हथियार के बल पर बड़ी लूटपाट की घटना को अंजाम दिया है। हथियार के बल पर अपराधी घर में घुस कर लूटपाट की तथा एक दर्जन से अधिक बम भी फेंके जिसके बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल हो गया। घटना के बाद पुलिस मौके पर छानबीन में जुट गई। बताया जा रहा है कि 25-30 की संख्या में हथियारबंद अपराधियों ने पहले गैस कटर से मेन गेट को काट कर जबरन घर में प्रवेश किया और फिर परिवार को हथियार की नोंक पर रख लूटपाट की। वहीं लोगों ने पुलिस पर देरी से पहुँचने का आरोप लगाया।
घटना वैशाली के महनार थाना क्षेत्र की है जहां बीती रात 25-30 की संख्या में पहुंचे हथियार अपराधियों ने एक आभूषण व्यवसायी के घर में जबरन घुस कर लूटपाट की। बताया जा रहा है कि अपराधियों ने लाखों रूपये की संपत्ति लूट ली वहीं करीब एक दर्जन से अधिक बम भी फोड़े। बताया जा रहा है कि अपराधियों ने परिवार के लोगों के साथ मारपीट भी की जिसमें दो व्यक्ति जख्मी हो गए। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के संबंध में लोगों ने बताया कि बीती रात अचानक 25-30 की संख्या में हथियारबंद अपराधी पहुंचे और जबरन मुख्य गेट को कटर से काट कर घर में घुस गए।
यह भी पढ़ें - राजधानी पटना में बदमाशों में नहीं है पुलिस का खौफ, VVIP इलाके में महिला से छिनतई
घर में घुसते ही अपराधियों ने परिवार के लोगों को हथियार के नोंक पर ले लिया और जबरन आभूषण दुकान के कीमती सामान तथा नकदी लेकर फरार हो गये। इस दौरान विरोध करने पर अपराधियों ने परिवार के सदस्यों के साथ मारपीट भी की वहीं दहशत फ़ैलाने के उद्देश्य से करीब एक दर्जन बम भी फेंके जिससे आसपास के लोगों में दहशत का माहौल है। लोगों ने पुलिस पर देरी से पहुंचने का आरोप लगाते हुए कहा कि घटना के दौरान डायल 112 पर मामले की सूचना दी गई बावजूद इसके पुलिस करीब दो घंटे बाद देरी से पहुंची। घटना का सीसीटीवी फूटेज भी सामने आया है जिसमें साफ दिख रहा है कि अपराधी मेन गेट काट रहे हैं।
स्थानीय लोगों ने कहा कि काफी लंबे समय बाद थाना क्षेत्र में इस तरह डकैती की घटना घटी है जिससे लोगों में दहशत का माहौल है। लोग अपने घरों में भी डरे सहें हैं। फ़िलहाल पुलिस पूरे मामले की छानबीन में जुट गई है और आसपास के सीसीटीवी फूटेज को भी खंगाल रही है। मामले को लेकर एसडीपीओ प्रवीण कुमार ने कहा कि रंजीत कुमार साह ने बीती रात सूचना दी थी कि उनके घर में कुछ लोग जबरन घुस गए हैं और लूटपाट कर रहे हैं। उन्होंने बम चलाने की भी शिकायत की थी जिसके बाद पुलिस पूरे मामले की छानबीन कर रही है। अपराधियों की पहचान कर जल्द ही उनकी गिरफ्तारी कर ली जाएगी।
यह भी पढ़ें - पहले मृत मरीज को लेकर पहुंचे GMCH, डॉक्टर के जांच करने के बाद शुरू कर दिया हंगामा और मारपीट
वैशाली से अभिषेक कुमार की रिपोर्ट