बिहार में एक तरफ नये मुख्यमंत्री के रूप में सम्राट चौधरी के शपथ लेने के बाद लॉ एंड ऑर्डर सुधरने की बात कही जा रही है तो दूसरी तरफ राज्य के एक बिहार को डेढ़ महीने में दूसरी बार रंगदारी नहीं देने पर गोली मारने की धमकी मिली है। बदमाशों ने अररिया जिला के जोकीहाट विधानसभा के AIMIM विधायक मुर्शिद आलम को फोन कर पांच लाख रूपये रंगदारी की मांग की और नहीं देने पर गोली मारने की धमकी भी दी।
विधायक को फोन करने वाले शख्स ने अपने आपको पूर्णिया का साजिद बताया और उनसे पांच लाख रूपये तुरंत देने की बात कही। रूपये नहीं देने के एवज में उसने विधायक को गोली मारने की भी बात कही। रंगदारी मांगे जाने और गोली मारे जाने की धमकी के बाद विधायक मुर्शिद आलम ने पलासी थाना में मामला दर्ज कराया है जिसके बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
यह भी पढ़ें - लापरवाही या विफलता? शंभू गर्ल्स हॉस्टल के मालिक मनीष रंजन को मिली जमानत
मामला को लेकर विधायक ने बताया कि 14 अप्रैल की शाम करीब पौने 6 बजे मोबाइल पर अज्ञात व्यक्ति ने फोन किया और अपने आप को पूर्णिया निवासी बताते हुए कहा कि मेरा आदमी आपके पीछे रहता है, पांच लाख रूपये दे दो। रूपये नहीं देने पर गोली मार देंगे। विधायक ने बताया कि इसके बाद दुबारा 7 बजे के आस पास व्हाट्सएप कॉल आया और उस शख्स ने अपना नाम साजिद आलम बताते हुए रूपये खाते में भेजने के लिए कहा। उसे जब मैंने कहा कि अपना आदमी घर भेज दो रूपये दे देंगे तो कॉल करने वाले ने फोन काट दिया।
विधायक ने तत्काल मामले की सूचना स्थानीय पुलिस को दी जिसके बाद पुलिस मामले की तफ्तीश में जुट गई है। मामले को लेकर पलासी थानाध्यक्ष मिथिलेश कुमार ने कहा कि प्राथमिकी दर्ज कर छानबीन की जा रही है, जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जायेगा। बता दें कि AIMIM विधायक मुर्शिद आलम को पिछले महीने भी किसी ने फोन कर रंगदारी मांगी थी जिसमें कार्रवाई करते हुए पुलिस ने नवादा से एक युवक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। अब बताया जा रहा है कि कॉल करने वाला यह शख्स दूसरा व्यक्ति है। बताया जा रहा है कि पहली बार एक नाबालिग ने फोन कर लॉरेंस गैंग के नाम पर रंगदारी की मांग की थी जिसे पुलिस ने पकड़ लिया था और एक बार फिर से विधायक से रंगदारी की मांग की गई है।
यह भी पढ़ें - सम्राट-नीतीश की फोटो विज्ञापन में देख भड़के तेजस्वी, सोशल मीडिया पर पोस्ट कर पूछ डाला यह सवाल