जहानाबाद: परस बिगहा थाना क्षेत्र के मोहनपुर गांव में उस समय सनसनी फैल गई जब दो सगी बहनें रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हो गईं। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है और परिजन बदहवास हालत में बेटियों की तलाश में जुटे हैं। परिवार के मुताबिक, 16 फरवरी की सुबह दोनों बच्चियां आधार कार्ड के नामांकन के लिए नजदीकी बाजार गई थीं। आम दिनों में वे समय पर घर लौट आती थीं, लेकिन उस दिन देर शाम तक घर नहीं पहुंचीं। मोबाइल पर संपर्क की कोशिश भी बेनतीजा रही। जैसे-जैसे रात गहराती गई, परिवार की चिंता बढ़ती गई।
यह भी पढ़ें: गांव की दुश्मनी निकालने के लिए रचा गया मौत का ड्रामा? पुलिस जांच में बड़ा खुलासा
पिता मोहम्मद ईसा अंसारी ने बताया कि पहले उन्होंने रिश्तेदारों और आसपास के गांवों में खुद तलाश की, लेकिन कहीं से कोई सुराग नहीं मिला। आखिरकार 17 फरवरी को परस बिगहा थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई गई। शिकायत मिलते ही पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। थाना पुलिस का कहना है कि संभावित स्थानों पर छानबीन की जा रही है। आसपास के बाजारों, बस स्टैंड और सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। तकनीकी माध्यमों की भी मदद ली जा रही है ताकि जल्द से जल्द कोई ठोस सुराग मिल सके। पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि बच्चियों के बारे में किसी भी तरह की जानकारी हो तो तुरंत सूचना दें।
यह भी पढ़ें: बिहार की स्वास्थ्य व्यवस्था ने कर दिया कमाल, लगातार 17 महीनों से देश भर में...
इधर, गांव में तरह-तरह की चर्चाएं हैं, लेकिन परिजन सिर्फ एक ही दुआ कर रहे हैं—दोनों बच्चियां सकुशल घर लौट आएं। पूरे इलाके की नजर अब पुलिस की कार्रवाई और मासूमों की सुरक्षित बरामदगी पर टिकी है।