पटना: बिहार भाजपा के नए प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी आज दरभंगा से पटना के लिए पूरी गर्मजोशी के साथ रवाना हुए। सुबह दरभंगा से निकले सरावगी के साथ 151 गाड़ियों का भव्य काफिला चला, जिसने पूरे मार्ग में राजनीतिक माहौल को उत्साह से भर दिया। जगह-जगह भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं और नारों के साथ उनका स्वागत किया। पटना पहुंचते ही वे वीर चंद्र पटेल प्रदेश कार्यालय में अपना पदभार ग्रहण करेंगे। भाजपा कार्यालय में इसके लिए विशेष तैयारी की गई है।
दरभंगा नगर सीट से छह बार विधायक रह चुके संजय सरावगी ने निकलने से पहले कहा कि उनके लिए पार्टी सर्वोपरि है। उन्होंने संगठनात्मक रणनीति पर बोलते हुए स्पष्ट किया कि संगठन को मजबूत बनाना उनकी पहली प्राथमिकता होगी। सरावगी ने कहा कि सरकार और संगठन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना भी आने वाले दिनों की बड़ी जिम्मेदारी होगी। उन्होंने दावा किया कि भाजपा प्रदेश में अपनी जमीनी पकड़ मजबूत कर जनता का विश्वास और गहरा करेगी।
यह भी पढ़े : यात्रियों को बड़ी राहत, ट्रेन का रिजर्वेशन चार्ट 10 से 12 घंटे पहले बनेगा
यात्रा के दौरान पूर्व मंत्री रामसूरत राय सहित कई वरिष्ठ नेताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। मुजफ्फरपुर समेत विभिन्न जिलों से पहुंचे भाजपा जिलाध्यक्षों और कार्यकर्ताओं ने मिथिला की संस्कृति के प्रतीक पाग, चादर और मखाना की माला पहनाकर उनका सम्मान किया। भाजपा प्रदेश कार्यालय में पदभार ग्रहण समारोह को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह है। बड़ी संख्या में समर्थकों और नेताओं के पहुंचने की संभावना देखते हुए कार्यालय परिसर को दुल्हन की तरह सजाया गया है। पार्टी नेताओं का मानना है कि संजय सरावगी के नेतृत्व में भाजपा बिहार में नई ऊर्जा और नए राजनीतिक समीकरणों के साथ आगे बढ़ेगी। सरावगी ने सभी कार्यकर्ताओं से संगठन को औऔर मजबूत बनाने का आह्वान किया।
यह भी पढ़े : कटिहार में रिश्वतखोर पुलिसकर्मी का वीडियो वायरल, एसआई निलंबित—एसपी ने दिए जांच के आदेश