Saharsa : खबर सहरसा से है जहां, सलखुआ थाना क्षेत्र के डीह टोला वार्ड नम्बर- 10 में आपसी विवाद में बदमाशों ने हत्या की वारदात को अंजाम दिया है। आपको बता दें कि, सलखुआ प्रखंड के लोजपा (R) के प्रखंड अध्यक्ष अरुण कुमार यादव के पुत्र को पिट पीटकर मौत के घाट उतार दिया। जबकि, प्रखंड अध्यक्ष की पत्नी को पीटकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। मृतक युवक का नाम 24 वर्षीय राकेश कुमार है। जबकि, घायल महिला का नाम रंभा देवी है। वहीं घायल महिला को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के सम्बंध में बताया जा रहा है कि, बीते देर शाम जब मृतक राकेश कुमार और उसकी मां रंभा देवी अपने घर में थी तभी, बदमाशों ने उनपर हमला बोल दिया और बेरहमी से पिटाई करने लगे। जिसके बाद लोगों ने घायल अवस्था में दोनों मां-बेटे को अस्पताल ले जाया गया। जहां चिकित्सकों ने राकेश कुमार को मृत घोषित कर दिया। घटना से नाराज लोजपा (आर) के नेता और कार्यकर्ताओं ने इस घटना में शामिल लोगों पर पुलिस प्रशासन से कार्रवाई की मांग की है। इधर घटना की सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतक युवक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा। जिसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।