पटना: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने की खबरों के बीच गुरुवार की सुबह सुबह सैकड़ों की संख्या में कार्यकर्ता मुख्यमंत्री आवास के बाहर जितने लगे। सीएम नीतीश के राज्यसभा जाने की अटकलों के बीच उनकी पार्टी के कार्यकर्ता खासे नाराज दिख रहे हैं। जदयू के कार्यकर्ता भाजपा के विरुद्ध जम कर नारेबाजी कर रहे हैं। कार्यकर्ताओं का कहना है कि बिहार में नीतीश कुमार के अलावे कोई और चेहरा स्वीकार नहीं है। जदयू कोटे से निशांत कुमार राज्यसभा जाएं लेकिन मुख्यमंत्री का चेहरा एकमात्र नीतीश कुमार ही हैं। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने एक विधायक की गाड़ी को भी सीएम आवास के अंदर नहीं जाने दिया। बाद में उन्हें अपनी गाड़ी घुमा कर दूसरी तरफ से जाना पड़ा।
यह भी पढ़ें - विधानसभा परिसर में मीडिया की एंट्री पर भी रोक, गेट नंबर 10 तक जाने की ही मिलेगी अनुमति
मीडिया से बात करते हुए जदयू कार्यकर्ताओं ने कहा कि भाजपा अगर सीएम नीतीश को राज्यसभा भेज कर सीएम की कुर्सी पर कब्जा करना चाहती है तो यह बहुत गलत कर रही है। बिहार के लोगों ने नीतीश कुमार को जनादेश दिया है। अगर बिहार में भाजपा अकेले चुनाव लड़ेगी तो एक भी सीट नहीं जीत पाएगी। बिहार के लोगों ने नीतीश कुमार को मुख्यमंत्री बनाया है। भाजपा को अपनी क्षमता समझनी चाहिए। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार थे और वही रहेंगे।
इस बीच केंद्रीय मंत्री ललन सिंह ने मीडिया से बात करते हुए अंतिम निर्णय सीएम नीतीश को लेने की बात कही। ललन सिंह ने कहा कि हर मामले में अंतिम फैसला सीएम नीतीश का है इसलिए प्रतिक्रिया भी उनसे ही लेना बेहतर होगा। उन्होंने पार्टी बनाई, इतने लंबे समय तक बिहार को संवारा है और अब वह जहां भी जाना चाहें जा सकते हैं। इसमें हमारे चाहने से कुछ नहीं होने वाला है। उन्होंने सीएम नीतीश की तारीफ करते हुए कहा कि नीतीश कुमार ने बिहार में जो कर दिखाया है उसकी कोई कल्पना भी नहीं कर सकता है। नीतीश कुमार बिहार के लिए विकासपुरुष के रूप में हमेशा के लिए जाने जाएंगे।
यह भी पढ़ें - नीतीश जाएंगे राज्यसभा तो कौन संभालेगा बिहार की कमान? आज अमित शाह के सामने कर सकते नामांकन...