पटना जिले के बाढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत पोथमापर गांव में शनिवार की सुबह उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब ग्रामीणों ने खेत के पास एक युवक का शव पड़ा देखा। देखते ही देखते खबर पूरे गांव में फैल गई और घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुट गई। ग्रामीणों ने तुरंत बाढ़ थाना पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और क्षेत्र को घेरकर जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक जांच के दौरान घटनास्थल के आसपास से शराब की कई खाली बोतलें बरामद की गईं, जिन्हें पुलिस ने जब्त कर लिया है। मृतक की पहचान अब तक नहीं हो पाई है, जिससे मामले ने और भी रहस्यमय रूप ले लिया है।
यह भी पढ़ें: तीन तलाक पर कानून सख्त, फिर भी रक्सौल की शबनम को फोन पर मिला तलाक … जरूर पढ़ें
स्थानीय लोगों का अनुमान है कि युवक किसी शादी समारोह में बारात के साथ गांव आया हो सकता है। आशंका जताई जा रही है कि वह साथियों के साथ शराब का सेवन कर रहा था, तभी अचानक उसकी तबीयत बिगड़ गई। हालांकि, पुलिस ने इस संबंध में अभी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला नशे से जुड़ा प्रतीत होता है, लेकिन मौत के असली कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल शव को कब्जे में लेकर अनुमंडलीय अस्पताल, बाढ़ भेज दिया गया है।
यह भी पढ़ें: रात के अंधेरे में शराब का जाल, कटिहार में फिल्मी अंदाज में पकड़े गए दो तस्कर
घटना के बाद से गांव में दहशत और तरह-तरह की चर्चाओं का माहौल है। पुलिस आसपास के थानों से संपर्क कर युवक की पहचान करने और मामले की तह तक पहुंचने में जुटी हुई है।