Join Us On WhatsApp

आलमपुर के पास एक कुएं से मिली महिला की डेड बॉडी से पूरे गाँव में मचा हडकंप

सासाराम के बड्डी थाना क्षेत्र के आलमपुर के पास एक पुराने कुएं से अज्ञात महिला का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया

Dead body of a woman found in a well near Alampur
आलमपुर के पास एक कुएं से मिली महिला की डेड बॉडी से पूरे गाँव में मचा हडकंप - फोटो : Darsh NEWS

रोहतास: सासाराम जिले के बड्डी थाना क्षेत्र अंतर्गत आलमपुर गांव के समीप एक पुराने कुएं से अज्ञात महिला का शव मिलने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। फिलहाल महिला की पहचान नहीं हो सकी है, लेकिन पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की छानबीन कर रही है।मिली जानकारी के अनुसार, बुधवार सुबह ग्रामीणों ने कुएं में किसी शव के पड़े होने की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही बड्डी थाना की टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से शव को बाहर निकलवाया गया। शव मिलने की खबर फैलते ही आसपास के गांवों में सनसनी फैल गई और बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर जुट गए।

यह भी पढ़ें: रोहतास में STF का तगड़ा वार: Wanted अपराधी सीपू पुलिस गिरफ़्त में, गैंग कनेक्शन की जांच तेज

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सासाराम सदर अस्पताल भेज दिया है। अस्पताल में डॉक्टरों की टीम द्वारा पोस्टमार्टम किया जा रहा है, जिससे मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा। प्रारंभिक जांच में महिला की उम्र लगभग 25 से 30 वर्ष के बीच आंकी जा रही है। बड्डी थाना अध्यक्ष रामवृक्ष कुमार ने बताया कि आसपास के गांवों में लोगों से पूछताछ की जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि कहीं कोई महिला हाल के दिनों में लापता तो नहीं हुई है। इसके साथ ही थाने के रिकॉर्ड और गुमशुदगी से जुड़ी शिकायतों की भी जांच की जा रही है।

यह भी पढ़ें: पटना: फुलवारी थाना इलाके में सनसनी, रेलवे लाइन किनारे युवक की गोली मारकर हत्या

फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि महिला की मौत दुर्घटना है, आत्महत्या है या फिर किसी आपराधिक घटना का परिणाम। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति साफ हो सकेगी। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि मामले की गहराई से जांच की जा रही है और जल्द ही सच्चाई सामने लाई जाएगी।


Scan and join

darsh news whats app qr
Join Us On WhatsApp