Join Us On WhatsApp

पटना: फुलवारी थाना इलाके में सनसनी, रेलवे लाइन किनारे युवक की गोली मारकर हत्या

फुलवारीशरीफ थाना क्षेत्र के विकास बिहार कॉलोनी के पास रेलवे लाइन किनारे एक युवक का गोली लगा शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई।

death in Phulwari police station area
पटना: फुलवारी थाना इलाके में सनसनी, रेलवे लाइन किनारे युवक की गोली मारकर हत्या- फोटो : Darsh NEWS

फुलवारीशरीफ थाना क्षेत्र से बुधवार को एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जिसने पूरे इलाके में दहशत का माहौल पैदा कर दिया। विकास बिहार कॉलोनी से सटे रेलवे ट्रैक के पास एक व्यक्ति का गोली लगा शव मिलने से हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों ने जब शव को देखा तो तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी।

मौके पर पहुंची फुलवारीशरीफ थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में मृतक की पहचान सुनील कुमार के रूप में हुई है, जो नौबतपुर के समनपुरा इलाके का रहने वाला बताया जा रहा है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, सुनील कुमार का आपराधिक इतिहास रहा है और उसके खिलाफ पहले से कई मामले दर्ज हैं। बताया जा रहा है कि वह करीब पंद्रह दिन पहले ही बेउर जेल से रिहा होकर बाहर आया था।

यह भी पढ़ें: विधानसभा की छत गिरी, बाल-बाल बचे विधायक, मच गया हड़कंप

पुलिस ने बताया कि मृतक के सिर और पीठ में गोली लगने के निशान पाए गए हैं, जिससे यह स्पष्ट होता है कि उसकी हत्या बेहद नजदीक से की गई है। घटनास्थल की तलाशी के दौरान पुलिस को एक खोखा भी बरामद हुआ है, जिसे जब्त कर फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा जा रहा है। फिलहाल पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और मृतक के परिजनों से संपर्क कर जरूरी जानकारी जुटाई जा रही है। साथ ही यह भी पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि हत्या के पीछे पुरानी रंजिश है या किसी आपराधिक गिरोह का हाथ हो सकता है।

यह भी पढ़ें: मामूली विवाद बना खूनी खेल, ताड़ी का पैसा मांगने पर युवक कर दी गई हत्या

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हर एंगल से मामले की जांच की जा रही है और जल्द ही हत्यारों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों की पुष्टि होगी। इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है ताकि किसी भी तरह की अफवाह या तनाव की स्थिति न बने।


Scan and join

darsh news whats app qr
Join Us On WhatsApp