Join Us On WhatsApp

गयाजी में राइस मिल कारोबारी के ठिकानों पर IT की रेड

गयाजी में गुरुवार सुबह आयकर विभाग ने धान–चावल के बड़े कारोबारी राजेश गुप्ता और उनके पार्टनर के आवास व राइस मिल पर कार्रवाई की, जहां व्यापार से जुड़े दस्तावेजों की जांच जारी है।

IT raid in gayaji
गयाजी में राइस मिल कारोबारी के ठिकानों पर IT की रेड- फोटो : Darsh NEWS

गयाजी: बिहार के गयाजी शहर में गुरुवार सुबह आयकर विभाग ने धान–चावल के बड़े कारोबारी राजेश गुप्ता और उनके पार्टनर गौरी शंकर गुप्ता के ठिकानों पर कार्रवाई की। आयकर विभाग की टीम एक साथ उनके आवास और राइस मिल पर पहुंची और जरूरी दस्तावेजों की जांच शुरू की। यह कार्रवाई सुबह से चल रही है और देर शाम तक जारी रहने की संभावना है। मिली जानकारी के अनुसार, राजेश गुप्ता का एक आवास कोतवाली थाना क्षेत्र के पुरानी गोदाम इलाके में स्थित है। वहीं उनका दूसरा आवास और राइस मिल मानपुर के बुनियादगंज थाना क्षेत्र में है। इसी क्षेत्र में उनके पार्टनर गौरी शंकर गुप्ता के आवास पर भी आयकर विभाग की टीम ने जांच की। कुल तीन स्थानों पर एक साथ कार्रवाई की गई, जहां व्यापार से जुड़े कागजात, फाइलें और अन्य रिकॉर्ड खंगाले जा रहे हैं।

यह भी पढ़ें: ट्रेन में महिला को शुरू हुआ पेट दर्द, सूचना पर GRP बनी फरिश्ता, परिवार में गूंजी किलकारी से ख़ुशी का माहौल...

कार्रवाई के दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। आयकर विभाग की टीम के साथ सीआईएसएफ के जवान भी तैनात रहे। उन्होंने घर और राइस मिल के आसपास सुरक्षा घेरा बनाकर रखा और किसी को भी अंदर या बाहर जाने की अनुमति नहीं दी। इससे इलाके में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल भी देखा गया। सूत्रों के मुताबिक, यह कार्रवाई बाहर से आई आयकर विभाग की विशेष टीम द्वारा की जा रही है। बताया जा रहा है कि पटना से एक विशेष टीम गयाजी पहुंची है, जबकि स्थानीय आयकर कार्यालय की टीम को इस कार्रवाई से अलग रखा गया है।

यह भी पढ़ें: दारोगा निकली अपहरण और हत्या का साजिशकर्ता, CBI ने दबोचा...

राजेश गुप्ता गयाजी के जाने-माने धान–चावल कारोबारियों में शामिल हैं। वे धान के सीजन में किसानों से बड़े पैमाने पर खरीद करते हैं और चावल की सप्लाई उड़ीसा, केरल, कर्नाटक समेत कई राज्यों में करते हैं। हालांकि, आयकर विभाग के आधिकारिक सूत्रों का कहना है कि फिलहाल इसे छापेमारी नहीं बल्कि सर्वे की कार्रवाई माना जा रहा है। दस्तावेजों की जांच पूरी होने के बाद ही किसी नतीजे पर पहुंचा जाएगा। अभी तक विभाग की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।



Scan and join

darsh news whats app qr
Join Us On WhatsApp