पटना: आपराधिक घटनाओं के बाद अक्सर लोग पुलिस से आरोपी की गिरफ्तारी की उम्मीद लगाते हैं और न्याय की आस भी करते हैं लेकिन बिहार में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है जहां CBI की टीम ने एक शिक्षक के अपहरण और हत्या मामले में एक महिला दारोगा को गिरफ्तार कर लिया है। महिला दारोगा की गिरफ्तारी के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। बताया जा रहा है कि महिला दारोगा अंजली कुमारी लखीसराय टाउन थाना में पदस्थापित थी जिसे CBI ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोप है कि अंजली कुमारी एक प्राइवेट शिक्षक कमलेश राय के अपहरण और हत्या मामले की मुख्य साजिशकर्ता है जिसे अब CBI ने गिरफ्तार कर लिया है।
यह भी पढ़ें - UGC के नए नियमों पर सुप्रीम कोर्ट की बड़ी रोक, कहा– दुरुपयोग की आशंका, नया ड्राफ्ट लाए केंद्र
भोजपुर के अनाईठ निवासी एवं लखीसराय टाउन थाना में पदस्थापित दारोगा अंजली कुमारी गुरुवार को किसी केस की गवाही में पटना गई थी जहां CBI की टीम ने उन्हें हिरासत में ले लिया और आवश्यक क़ानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद गिरफ्तार कर लिया। बताया जा रहा है कि अंजली त्रिकोणीय प्रेम प्रसंग के एक मामले में प्राइवेट शिक्षक कमलेश राय का अपहरण कर उनकी हत्या कर दी थी। इससे पहले CBI ने दारोगा के कथित मंगेतर रुपेश चौबे को भी गिरफ्तार किया था। कहा जा रहा था कि दारोगा ने अपने मंगेतर के साथ मिल कर अपहरण और हत्या की घटना को अंजाम दिया था। मामले में लखीसराय के एसपी अवधेश दीक्षित ने भी पुष्टि करते हुए कहा कि चूँकि मामला CBI से जुड़ा है इसलिए इस संबंध में अधिक जानकारी देना उनके अधिकार क्षेत्र से बाहर है।
बता दें कि यह पूरा मामला 13 जुलाई 2023 का है जब कोल्हरामपुर के शिक्षक कमलेश राय अपने एक रिश्तेदार के अंतिम संस्कार में शामिल होने गए थे जो वापस लौट कर अपने घर नहीं आये। बाद में परिजनों ने बडहरा थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई लेकिन वे पुलिस की कार्रवाय से संतुष्ट नहीं थे। बाद में परिजनों ने हाई कोर्ट का रुख किया जिसमे कोर्ट के आदेश पर CBI ने 28 फरवरी 2024 को मामले की छानबीन शुरू की। अब CBI ने मामले की छानबीन करते हुए लखीसराय में पोस्टेड महिला दारोगा को साजिश और घटना को अंजाम देने के आरोप में गिरफ्तार किया है।
यह भी पढ़ें - लैंड फॉर जॉब केस: कोर्ट ने दी ट्रायल की मंजूरी, लालू परिवार की टेंशन बढ़ी