Join Us On WhatsApp

पूर्णिया के सांसद पप्पू यादव के घर पहुंची कई थाना की पुलिस, 30 वर्ष पुराने मामले में दो दिन पहले ही...

पूर्णिया के सांसद पप्पू यादव के राजधानी पटना के मंदिरी स्थित आवास पर भारी संख्या में पुलिस पहुंची। पुलिस 30 वर्ष पुराने एक मामले में उन्हें गिरफ्तार करने पहुंची। दो दिन पहले ही कोर्ट ने कुर्की वारंट जारी किया था...

Police pahunchi pappu yadav k awas
पूर्णिया के सांसद पप्पू यादव के घर पहुंची कई थाना की पुलिस, 30 वर्ष पुराने मामले में दो दिन पहले ही.- फोटो : Darsh News

पटना: करीब 30 वर्ष पुराने एक मामले में पूर्णिया के सांसद पप्पू यादव को गिरफ्तार करने के लिए भारी संख्या में पुलिस उनके राजधानी पटना स्थित आवास पर पहुंची है। शुक्रवार की देर रात पप्पू यादव के आवास पर पुलिस के पहुंचने के बाद अफरातफरी की स्थिति रही। इस दौरान पप्पू यादव ने पुलिस अधिकारियों से परिचय लेने के बाद कहा कि वे कल खुद ही कोर्ट में पेश होने के लिए जाएंगे और रात के समय में किसी की गिरफ्तारी अवैध है। हालांकि उन्हें गिरफ्तार करने पहुंची गर्दनीबाग थानाध्यक्ष ने वारंट के आधार पर गिरफ्तार करने की बात कही। इस दौरान पप्पू यादव के समर्थकों की पुलिस के साथ कहा सुनी भी हुई लेकिन पुलिस भी वारंट का हवाला देते हुए गिरफ्तार करने की जिद पर अड़ी रही। मामला बढ़ते देख मंदिरी में स्थित पप्पू यादव के आवास पर कोतवाली, बुद्धा कालोनी, गांधी मैदान समेत कई थाना की पुलिस पहुंची। इतना ही नहीं पटना सिटी एसपी पश्चिमी भानू प्रताप सिंह भी मौके पर पहुंचे।

पुलिस करना चाहती है मेरी हत्या

इस दौरान मीडिया से बात करते हुए सांसद पप्पू यादव ने पुलिस पर कई गंभीर आरोप लगाए। पप्पू यादव ने कहा कि कोर्ट के आदेश के बाद मै संसद की कार्यवाही छोड़ पेश होने के लिए देर शाम दिल्ली से पटना आया हूं। मेरे आवास पर पहुंचने के कुछ देर बाद ही सिविल ड्रेस में कुछ पुलिसकर्मी पहुंचे और आदेश देने वाले लहजे में कहा कि आपके विरुद्ध गिरफ्तारी वारंट है, चलिए उठिए थाना चलना है। पप्पू यादव ने आरोप लगाया कि मैने सोचा कि किसी काम से मिलने के लिए लोग आए हैं तो मैने उन्हें बैठने के लिए कहा लेकिन बाद में पता चला कि ये लोग पुलिसकर्मी हैं। मुझे शक है पुलिस मेरी हत्या करना चाहती है इसलिए सिविल ड्रेस में मेरे आवास पर पहुंची है और अगर मैं इनके साथ चला जाता तो शायद मेरी हत्या की जा सकती थी। इस दौरान उन्होंने सत्ता पक्ष के द्वारा साजिश के आरोप के सवाल पर कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को मैं जानता हूं, वह ऐसा नहीं कर सकते हैं और मुझे नहीं लगता है कि सम्राट चौधरी भी ऐसा कुछ करेंगे।

यह भी पढ़ें      -    पूर्णिया के सांसद पप्पू यादव के विरुद्ध कुर्की जब्ती का आदेश, दो अन्य लोगों पर भी इस मामले में कोर्ट ने की कार्रवाई...

बिहार की बेटी के लिए आवाज उठाना ही है परेशान करने का कारण

पप्पू यादव ने पुलिस पर आरोप लगाते हुए कहा कि मैं नीट छात्रा मामले में बढ़चढ़ कर आवाज उठा रहा हूं इसलिए पटना पुलिस मेरे खिलाफ साजिश कर रही है। इसी मामले में अभी दो दिन बाद धरना का कार्यक्रम है और पुलिस नहीं चाहती है कि धरना प्रदर्शन हो इसलिए मुझे रास्ते से हटाने के लिए इस तरह की साजिश कर रही है। उन्होंने कहा कि यह मामला जिसमें मुझे गिरफ्तार करने पुलिस आई है वह करीब 30 वर्ष पुराना है। उस मामले में मैं बेल पर हूं, अभी हाल ही में कोर्ट ने कुर्की का आदेश जारी किया है तो कोर्ट ने जिस संपत्ति के कुर्की का आदेश जारी किया है वहां जा कर ये लोग कार्रवाई करें लेकिन ये साजिश के तहत मेरी आवाज बंद करना चाहते हैं और यही कारण है मुझे परेशान करने के लिए देर रात पुलिस मेरे घर पहुंची है। पप्पू यादव ने कहा कि मैने कोरोना समय में लोगों की सेवा की तो उस वक्त भी मुझे इनाम में पुलिसिया कार्रवाई मिली और अभी मैं बिहार की बेटी के लिए आवाज उठा रहा हूं तो एक बार फिर मुझे इनाम दी जा रही है। 

पप्पू यादव से डरी हुई है पुलिस

पप्पू यादव ने कहा कि मैं बिहार और देश के गृह मंत्री से अपील करता हूं कि एक सांसद के साथ ज्यादती की जा रही है आपलोग हमारी रक्षा करें। उन्होंने कहा कि मुझे गिरफ्तारी से डर नहीं लगता है लेकिन ये लोग जिस तरह से आए हैं उससे स्पष्ट है कि इनकी नीयत ठीक नहीं है। पुलिस को पप्पू यादव से बहुत अधिक डर लग रहा है और यही वजह है कि ये लोग आवाज कमजोर करने की कोशिश कर रहे हैं। नियम के अनुसार बिना वारंट के गिरफ्तार नहीं कर सकते हैं लेकिन ये लोग अड़े हुए हैं। इनके पास कोर्ट का कुर्की आदेश है लेकिन मांगने के बाद भी गिरफ्तारी वारंट नहीं है।

गर्दनीबाग थाना का है मामला

इस दौरान मौके पर पहुंचे पटना सिटी एसपी पश्चिमी भानू प्रताप सिंह ने कहा कि गार्डबीबाग थाना में दर्ज एक मामले में सांसद की गिरफ्तारी का वारंट कोर्ट से निर्गत किया गया है और उसी के आधार पर उनकी गिरफ्तारी की जा रही है।

1995 का है मामला

बता दें कि यह मामला 1995 का बताया जा रहा है। शिकायतकर्ता विनोद बिहार लाल ने आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज कराई थी कि उनका मकान धोखे से किराये पर लिया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि मकान किराया पर लेने के बाद उन्हें पता चला कि उसका इस्तेमाल सांसद का ऑफिस चलाने में प्रयोग किया जा रहा है जबकि किराये पर लेते वक्त लोगों ने कुछ और ही बात कही थी। इस मामले में न्यायाधीश प्रवीण कुमार मालवीय ने सुनवाई के दौरान कोर्ट में लगातार अनुपस्थित रहने के आरोप में पूर्णिया के सांसद पप्पू यादव के साथ ही शैलेंद्र प्रसाद और चंद्र नारायण प्रसाद के विरुद्ध कुर्की जब्ती का आदेश जारी किया है। इस मामले की अगली सुनवाई 7 फरवरी को होगी। बता दें कि इससे पहले तीनों की उपस्थिति के लिए गिरफ्तारी वारंट और इश्तेहार भी जारी किया जा चुका है।

यह भी पढ़ें    -     बिहार चुनाव रद्द करने की जन सुराज की याचिका पर सुप्रीम कोर्ट में हुई सुनवाई, CJI ने कहा 'आपको जनता ने...'

पटना ब्यूरो रिपोर्ट


Scan and join

darsh news whats app qr
Join Us On WhatsApp