दानापुर (पटना): पटना जिले के नौबतपुर थाना क्षेत्र से एक शर्मनाक घटना सामने आई है, जहां 34 वर्षीय महादलित महिला के साथ दुष्कर्म किए जाने का मामला दर्ज किया गया है। घटना के बाद इलाके में काफी आक्रोश और दहशत का माहौल है। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर दो आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार घटना गुरुवार देर रात की बताई जा रही है। पीड़ित महिला घर से कुछ दूरी पर शौच के लिए गई थी। इसी दौरान गांव के ही दो युवकों ने उसे अकेला पाकर जबरदस्ती की और उसके साथ दुष्कर्म किया। घटना के बाद महिला किसी तरह घर पहुंची और परिजनों को पूरी बात बताई। इसके बाद परिजनों के साथ वह नौबतपुर थाना पहुंची और लिखित शिकायत दर्ज कराई।
यह भी पढ़ें: गांव में प्यार का विवाद और फिर हत्या… सीतामढ़ी में सरपंच पर लगा बड़ा आरोप, पूरी खबर पढ़ें
पीड़िता की शिकायत के आधार पर पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। पुलिस का कहना है कि मामले को गंभीरता से लिया गया है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। हालांकि खबर लिखे जाने तक दोनों आरोपी फरार बताए जा रहे हैं। पुलिस ने पीड़िता को मेडिकल जांच के लिए अस्पताल भेजा है। साथ ही न्यायालय में उसका बयान दंड प्रक्रिया संहिता की धारा 164 के तहत दर्ज कराने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मेडिकल रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें: बाल बाल बच गए UP के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य, उड़ान भरते ही हेलीकॉप्टर में भर गया धुआं...
घटना के बाद गांव और आसपास के इलाकों में सनसनी फैल गई है। सुरक्षा को देखते हुए पुलिस ने इलाके में गश्त बढ़ा दी है। स्थानीय लोगों ने भी आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है ताकि पीड़िता को न्याय मिल सके।