सुपौल: जिले में अपराधियों के हौसले लगातार बुलंद होते नजर आ रहे हैं। सदर थाना क्षेत्र के बसबिट्टी चौक स्थित एक ज्वेलरी दुकान में बीती रात बड़ी चोरी की वारदात सामने आई है। चोरों ने दुकान का ताला तोड़कर लाखों रुपये की ज्वेलरी और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। जानकारी के मुताबिक, बसबिट्टी चौक स्थित “मां ज्वेलर्स” नामक दुकान को निशाना बनाया गया। दुकान संचालक चंदन कुमार स्वर्णकार जब सुबह अपनी दुकान खोलने पहुंचे तो अंदर का नजारा देख दंग रह गए। दुकान के अंदर सामान बिखरा पड़ा था और तिजोरी गायब थी।
यह भी पढ़ें: NEET छात्रा मामले में CBI जांच हुई तेज, हॉस्टल संचालिका से हुई पूछताछ अब SIT के सदस्य...
प्राथमिक जांच में सामने आया है कि चोर दुकान के अंदर रखी भारी तिजोरी को उठाकर करीब 200 मीटर दूर गेहूं के खेत में ले गए। वहां तिजोरी को तोड़कर उसमें रखे लगभग तीन लाख रुपये नकद और कीमती जेवरात निकाल लिए गए। खेत में टूटी हुई तिजोरी मिलने के बाद घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची सदर थाना पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया और आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगालने और संदिग्धों की पहचान में जुटी हुई है।
यह भी पढ़ें: मास्टर जी का ‘तांत्रिक टेस्ट’ पड़ा भारी! अक्षत खाते ही बिगड़ी बच्चों की तबीयत
दुकान मालिक के अनुसार, इस चोरी में करीब 20 लाख रुपये मूल्य की ज्वेलरी और नकदी का नुकसान हुआ है। घटना के बाद इलाके के व्यवसायियों में भय और आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोगों ने रात में पुलिस गश्ती बढ़ाने की मांग की है। फिलहाल पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और जल्द खुलासा करने का दावा कर रही है।