पटना: फतुहा थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह आपसी विवाद के बाद अचानक हिंसा भड़क गई। विवाद इतना बढ़ गया कि गोलीबारी शुरू हो गई। इस घटना में एक महिला की गोली लगने से मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। मृत महिला की पहचान जयन्त्री देवी (उम्र लगभग 50 वर्ष) के रूप में हुई है, जो श्रवण प्रसाद की पत्नी थीं। फायरिंग की चपेट में आकर उनके बेटे राजन प्रसाद (24 वर्ष) और गांव के ही निवासी सागर सिंह (55 वर्ष) भी घायल हो गए। बताया जा रहा है कि सागर सिंह के सिर में गोली लगी है, जबकि राजन प्रसाद के हाथ में गोली लगी है। दोनों की हालत बेहद गंभीर बताई जा रही है।
यह भी पढ़ें: SVU के जाल में फंसे सरकारी अधिकारी, घूस लेते रंगे हाथ पकड़े
घटना के तुरंत बाद आसपास के लोगों ने घायलों को फतुहा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां मौजूद डॉक्टरों ने जयन्त्री देवी को मृत घोषित कर दिया। वहीं, राजन प्रसाद और सागर सिंह की गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक इलाज के बाद उन्हें बेहतर उपचार के लिए पटना के बड़े अस्पताल रेफर कर दिया गया। घटना की जानकारी मिलते ही फतुहा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया पूरी की। शुरुआती जांच में सामने आया है कि यह घटना आपसी विवाद के कारण हुई, हालांकि विवाद किस बात को लेकर था, इसका पता लगाया जा रहा है।
यह भी पढ़ें: आज का राशिफल: किस राशि पर मेहरबान है भाग्य, किसे बरतनी होगी सावधानी? जानिए दिनभर का पूरा हाल
पुलिस आरोपियों की पहचान कर चुकी है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। साथ ही, आसपास के लोगों से पूछताछ कर घटना से जुड़ी जानकारी जुटाई जा रही है। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है। पुलिस ने इलाके में गश्त बढ़ा दी है और लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है।