पटना: राजनीति में सक्रिय महिलाओं के प्रति पूर्णिया सांसद पप्पू यादव विवादित बयान दे कर बुरी तरह से फंस चुके हैं। पप्पू यादव चारों तरफ राजनीतिक रूप से घिर गए हैं तो महिला आयोग ने भी नोटिस जारी कर जवाब तलब किया है। अब उनके ऊपर मोकामा के विधायक अनंत सिंह ने भी बड़ा बयान दे दिया है। अनंत सिंह ने पप्पू यादव को पागल और फालतू लोग तक कह दिया। इस दौरान मीडिया से बात करते हुए अनंत सिंह श्रवण कुमार को जदयू विधायक दल का नेता बनाये जाने को लेकर बेहतर कदम बताया।
मीडिया से बात करते हुए मोकामा के बाहुबली विधायक अनंत सिंह ने पूर्व सीएम नीतीश और निशांत कुमार के बिहार यात्रा को लेकर कहा कि यह तो बहुत अच्छा कदम है। जब खुद लोगों के बीच जायेंगे तब न असली समस्या दिखेगी और उसका निराकरण किया जा सकेगा। यात्रा पर जाना बहुत बढ़िया बात है। जब घूमेंगे तो पता चलेगा कि कहाँ क्या करना है और उससे लोगों को भी फायदा मिलेगा। इस दौरान उन्होंने राहुल गांधी के द्वारा नीतीश कुमार पर दबाव बनाये जाने के बयान को लेकर कहा कि विरोधी सब क्या बोलेगा, सब फालतू है। वहीं श्रवण कुमार को विधायक दल का नेता बनाये जाने पर अनंत सिंह ने कहा कि बढिया बात है। वह शुरू से पार्टी में हैं और उन्होंने अब तक बढ़िया काम किया है, आगे भी बहुत अच्छा करेंगे। वह आदमी भी बहुत अच्छे हैं।
यह भी पढ़ें - दिल्ली से लौटते ही सीएम सम्राट ने अचानक बुलाई कैबिनेट की बैठक, ले सकते हैं बड़ा फैसला...
इस दौरान मोकामा विधायक अनंत सिंह ने कहा कि पश्चिम बंगाल चुनाव को लेकर कहा कि हमको बंगाल को लेकर कुछ पता नहीं लगता है तो इस पर हम कुछ नहीं बोलेंगे। वहीं तेजस्वी के पश्चिम बंगाल जाने के सवाल पर कहा कि यह सब तो रोज होता है, चुनाव है तो सब जायेगा ही। वहीं सीएम सम्राट चौधरी के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात को लेकर कहा कि एक ही पार्टी में हैं तो वह सब तो लगातार मिलते ही रहते हैं, इसमें क्या बड़ी बात हो गई।
मोकामा विधायक अनंत सिंह ने निशांत कुमार के एक बयान जिसमें उन्होंने कहा था कि नीतीश कुमार ने कार्यकाल के शुरुआत में काफी अपराधियों को सलाखों के पीछे पहुँचाया था पर जवाब देते हुए कहा कि कह तो रहे हैं कि नीतीश जी ने ही बिहार बसाया है। लालू जी तो कहाँ भेज दिए थे राज्य को, आप किसी बुजुर्ग से पूछियेगा जिसने उस दौर को देखा है तब पता चल जायेगा। वहीं राज्य में अपराधियों का एनकाउंटर किये जाने पर उन्होंने कहा कि जो गलत करेगा उसका एनकाउंटर होगा ही। अब कोई बड़ा अपराधी है कहाँ और बड़ा क्राइम होता कहाँ है, छोटा मोटा लड़का सब है जो छोटा छोटा अपराध करता है। सब सुधर जाए तो एनकाउंटर क्यों होगा, काम धाम करे तो ये सब गोली-पिस्तौल नशा पानी करता है और यह सब छोटा बच्चा है सब।
मोकामा के विधायक अनंत सिंह ने कहा कि पप्पू यादव के द्वारा महिलाओं पर विवादित टिप्पणी को लेकर कहा कि वह सब पागल हो गया है। वह दूसरी महिलाओं को लेकर कहता है वह बताये कि उसकी अपनी पत्नी कहाँ है। वह दूसरी महिलाओं को कह रहा है तो उसकी पत्नी तो पहले से नेता है तो वह अपनी पत्नी से पूछ ले फिर दूसरे के बारे में बोले। इस सब तरह का बयान देना कोई तरीका है, उसे पहले अपनी पत्नी से पूछना चाहिए।
यह भी पढ़ें - विभागीय आदेश के बाद हड़ताल खत्म नहीं करना चाहते हैं राजस्व कर्मी, कहा 'अब तक नहीं मानी गई हमारी बात'





