वैशाली: एक तरफ बिहार पुलिस राज्य में अपराध नियंत्रण के दावे करती है तो दूसरी तरफ अपराध तो चरम पर है ही आमजन भी कानून को अपने हाथ में लेने से बाज नहीं आते हैं। ऐसा ही मामला सामने आया है वैशाली से जहां लोगों ने बच्चा चोरी के शक में पकड़ कर एक युवक की पिटाई कर उसे अधमरा कर दिया। मामले की सूचना पर पहुंची पुलिस के साथ भी भीड़ ने दुर्व्यवहार किया। हालांकि पुलिस ने किसी तरह भीड़ के चंगुल से युवक को छुड़ा कर अस्पताल पहुँचाया जहां उसका इलाज जारी है।
घटना वैशाली के महुआ थाना क्षेत्र के जहांगीरपुर सलखन्नी की है जहां लोगों ने एक युवक को बच्चा चोरी के आरोप में पकड़ कर बुरी तरह से पिटाई कर दी। घटना में युवक गंभीर रूप से जख्मी हो गया। इसी बीच किसी ने मामले की सूचना पुलिस को दी जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को भीड़ से छुड़ाने की कोशिश करने लगी जिसके बाद लोगों ने पुलिस के साथ भी कहासुनी शुरू कर दी। इसके बाद भारी संख्या में पुलिस मौके पर पहुंच कर युवक को भीड़ से छुड़ा कर अस्पताल पहुँचाया जहां उसकी स्थिति गंभीर बनी हुई है।
यह भी पढ़ें - थाना में घुस दो महिलाओं ने जम कर मचाया उत्पात, महिला पुलिस अधिकारी के साथ की मारपीट और...
बताया जा रहा है कि युवक की पहचान नहीं हो सकी है। घटना को लेकर महुआ SDPO संजीव कुमार ने कहा कि घायल की पहचान नहीं हो सकी है। लोग बता रहे हैं कि वह चेहराकलां का रहने वाला है। उसके होश में आने की प्रतीक्षा की जा रही है फिर उससे पूरी जानकारी ली जाएगी। इसके साथ ही उसके साथ मारपीट करने वाले लोगों की पहचान की जा रही है और सभी के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें - फर्जी है मंत्री अशोक चौधरी की डिग्री? सदन में RJD MLC के साथ भिड़े, मांग दिया इस्तीफा...
वैशाली से अभिषेक कुमार की रिपोर्ट