पटना। बिहार में एक बार फिर मौसम ने करवट ले ली है। राज्य के अधिकांश हिस्सों में बादल छाए रहने, तेज हवाएं चलने और बारिश के साथ वज्रपात की आशंका जताई गई है। मौसम विभाग के अनुसार, गुरुवार से शुक्रवार तक कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल सकती है, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी।
मौसम विभाग ने बताया कि इस बदलाव के पीछे पश्चिमी विक्षोभ और ट्रफ लाइन का असर है। इसके कारण पूरे राज्य में मौसम अस्थिर बना हुआ है। शुक्रवार तक अधिकतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की जा सकती है। हालांकि, इसके बाद तापमान में 3 से 5 डिग्री की बढ़ोतरी के आसार हैं।राजधानी पटना में बुधवार को हुई हल्की बारिश और बूंदाबांदी के बाद मौसम सुहाना हो गया। दिनभर बादल छाए रहे और ठंडी हवाओं ने गर्मी से राहत दिलाई। अधिकतम तापमान में करीब 6.6 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई और तापमान 29 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। यही स्थिति राज्य के अन्य जिलों में भी देखने को मिली, जहां तापमान में उल्लेखनीय कमी आई।
यह भी पढ़ें : आज का दिन कैसा रहेगा: मेष से मीन तक सभी राशियों का सटीक विश्लेषण
मौसम विभाग के अनुसार पटना के अलावा अरवल, जहानाबाद, औरंगाबाद, गया, नवादा, नालंदा, शेखपुरा, जमुई, लखीसराय, मुंगेर, बांका और भागलपुर में दिन का तापमान 30 से 36 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। इन क्षेत्रों में अगले दो दिनों तक बादल छाए रहने के साथ हल्की बारिश की संभावना बनी रहेगी। मुजफ्फरपुर में भी मौसम का असर दिखने लगा है। यहां गुरुवार और शुक्रवार को गरज के साथ बारिश और तेज हवा चलने की संभावना है। कुछ इलाकों में ओलावृष्टि भी हो सकती है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, इन दिनों आसमान में गरज वाले बादल बनेंगे, जिससे मौसम में तेजी से बदलाव देखने को मिलेगा। भागलपुर में गुरुवार को आंधी के साथ हल्की बारिश हो सकती है, जबकि शुक्रवार को बीच-बीच में धूप के साथ बूंदाबांदी होने की संभावना है। वहीं, गया जिले में भी बादल छाए रहने और गरज-चमक के साथ हल्की बारिश का अनुमान है।
इधर, पूर्णिया जिले के लिए मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है। अगले 24 घंटों के दौरान 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा, मेघ गर्जन और वज्रपात के साथ बारिश हो सकती है। ऐसे में लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। मौसम विभाग ने खासकर किसानों को सावधानी बरतने की सलाह दी है। फसल कटाई के दौरान मौसम की स्थिति पर नजर रखने और खराब मौसम में खुले में काम करने से बचने की अपील की गई है। वहीं आम लोगों से भी खराब मौसम के दौरान अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलने की सलाह दी गई है।




