अलवर: बड़ी खबर राजस्थान से है जहां एक बंद पड़े फैक्ट्री में ब्लास्ट में करीब 7 लोगों की मौत हो गई वहीं कई अन्य मजदूर फैक्ट्री के अंदर ही फंस गए जिन्हें काफी मुश्किलों के बाद निकाला गया और इलाज के लिए अस्पताल पहुँचाया गया। घटना के बाद पूरे इलाके में अफरातफरी मच गई वहीं आनन फानन में जिले वरीय अधिकारी मौके पर पहुंच गये और मामले की छानबीन में जुट गए। बताया जा रहा है कि मृतकों में पांच मजदूर बिहार के रहने वाले थे। बताया जा रहा है कि फैक्ट्री में अवैध रूप से पटाखा निर्माण किया जाता था और उसी में किसी कारण से ब्लास्ट हुआ जिसके बाद 7 लोगों की मौत हो गई।
घटना राजस्थान के अलवर जिलांतर्गत भिवाड़ी स्थित खुश्केड़ा औद्योगिक क्षेत्र की है जहां सोमवार की सुबह एक फैक्ट्री में जोरदार धमाके हुए। स्थानीय लोगों ने बताया कि सुबह 9 से 10 बजे के बाद तीन से चार जोरदार धमाके हुए जिसके बाद इलाके में अफरातफरी मच गई। आनन फानन में स्थानीय पुलिस और लोग मौके पर पहुंचे और घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। मामले को लेकर भिवाड़ी के ASP अतुल साहू ने कहा कि फ़िलहाल 7 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है जबकि चार अन्य का इलाज जारी है जिन्हें दिल्ली एम्स रेफर कर दिया गया है।
यह भी पढ़ें - गृह मंत्री सम्राट चौधरी का बड़ा बयान, कहा 'इनके लिए बिहार नहीं है सुरक्षित...'
मीडिया से बात करते हुए ASP ने बताया कि रेडीमेड गारमेंट्स के नाम पर यह फैक्ट्री रजिस्टर्ड थी जो कि पिछले कुछ दिनों से बंद थी जिसमे अवैध रूप से पटाखा निर्माण का काम चल रहा था। उन्होंने बताया कि प्राथमिक जांच में मौके से कुछ छोटे मोटे विस्फोटक और पटाखों के सबूत मिले हैं, अभी FSL की टीम बुलाई गई है, जांच के बाद स्पष्ट हो जायेगा। उन्होंने कहा कि एक जानकारी के अनुसार फैक्ट्री में 11 लोग मौजूद थे जिसमें अधिकतर बिहार और उत्तर प्रदेश के थे। फ़िलहाल 7 लोगों की मौत हो गई है जिसमें 5 बिहार के हैं और दो उत्तर प्रदेश के। घटना के सटीक कारण का अभी पता नहीं चल सका है कि आग कैसे लगी या ब्लास्ट कैसे हुआ। वहीं दूसरी तरफ जिला मजिस्ट्रेट सुमित्रा पारिक ने बताया कि फैक्ट्री परिसर रेडी गारमेंट्स फैक्ट्री के नाम पर रजिस्टर्ड था जिसमें अवैध रूप से पटाखों का निर्माण किया जा रहा था। फ़िलहाल आसपास के अन्य फैक्ट्रियों को खाली करवा लिया गया है।
घटना के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मच गया। बताया जा रहा है कि सभी मृतक मोतिहारी के रहने वाले थे और वे अपने परिवार के साथ भिवाड़ी में रह रहे थे। मृतक के परिजनों में जानकारी मिलते ही कोहराम मच गया।
यह भी पढ़ें - सरकार का लक्ष्य है, हर परिवार की महिला को आर्थिक रूप से संबल बनाना- सम्राट चौधरी