सुपौल: मुख्यमंत्री नीतीश कुमार अपनी समृद्धि यात्रा के तीसरे चरण की शुरुआत में सबसे पहले कोसी क्षेत्र के सुपौल पहुंचे। सुपौल के निर्मली में सीएम ने आमलोगों से मुलाकात की और एक जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कई योजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन भी किया। जनसभा को संबोधित करते हुए सीएम नीतीश ने कई घोषणाएं की और अगले पांच वर्षों के लिए राज्य की सरकार का प्लान भी बताया। उन्होंने राज्य से पलायन रोकने के लिए उद्योग पर जोर देने और बंद चीनी मिलों को फिर से शुरू करने का वादा किया। उन्होंने कहा कि 2025 से 2030 के लिए सरकार ने काम करना शुरू कर दिया है और अगले पांच वर्षों में बिहार एक सशक्त और विकसित राज्यों की श्रेणी में खड़ा हो जायेगा।
सुपौल में जनसभा को संबोधित करते हुए सीएम नीतीश ने कहा कि अगले पांच वर्षों में उद्यो ग को बढ़ावा दिया जायेगा साथ ही एक करोड़ युवाओं को रोजगार तथा नौकरियां दी जाएगी। सीएम नीतीश ने कहा कि 2025-30 के प्लान पर सरकार ने काम करना शुरू कर दिया है। इस सरकार के वादों को पूरा करने के लिए हमने 7 पॉइंट में प्लान तैयार किया है जिसके तहत प्रति व्यक्ति औसत आय दोगुना किया जाना, महिलाओं को दो लाख रूपये, 1 करोड़ युवाओं को नौकरी देना प्राथमिकता में शामिल है। इसके बाद बिहार में अगले पांच वर्ष उद्योग लगाने पर पूरा जोर दिया जायेगा और सभी जिलों में औद्योगिक क्षेत्र बनाये जा रहे हैं। राज्य के बंद चीनी मिलों को भी दुबारा शुरू किया जायेगा और इसके लिए काम तेज गति से की जा रही है।
यह भी पढ़ें - समृद्धि नहीं, विदाई यात्रा कहिए चाचा जी” — रोहिणी आचार्य का नीतीश कुमार पर तीखा तंज
सीएम नीतीश ने राज्य में कृषि की प्रगति को लेकर कहा कि इसके लिए पहले से काम किया जा रहा है और इसमें तेजी लाने के ली अब नए बिहार विपणन प्रोत्साहन निगम की स्थापना की जा रही है। राज्य में शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए हर प्रखंड में आदर्श विद्यालय और डिग्री कॉलेज खोले जा रहे हैं। नए एजुकेशन सिटी का निर्माण किया जा रहा है वहीं स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर भी काम किया जा रहा है। हर जिला और प्रखंड के अस्पतालों को विशिष्ट चिकित्सा केंद्र बनाया जा रहा है जबकि निजी अस्पतालों की स्थापना के लिए भी प्रोत्साहन दिया जायेगा। सरकारी डॉक्टरों के निजी प्रैक्टिस पर रोक लगाने की नीति लाई जाएगी। राज्य में सरकार आधारभूत संरचनाओं को बेहतर किया जायेगा, शहरों का विकास किया जायेगा। 5 नए एक्सप्रेसवे का निर्माण किया जायेगा, ग्रामीण सडकों को टू लेन बनाया जायेगा इसके साथ ही लोग अपने घरों पर सोलर पन्नेल लगाये जायेंगे और टूरिज्म को बढ़ावा दिया जायेगा।

इस दौरान सीएम नीतीश ने लालू-राबड़ी शासनकाल पर तंज कसते हुए कहा कि 2005 के पहले की सरकार के दौरान लोग अपने घरों से बाहर नहीं निकलते थे। शाम से ही घरों में बंद हो जाते थे, पहले समाज में विवाद होता था और हिंदू मुसलमान का झगड़ा होता था, पढाई और स्वास्थ्य सेवाओं का हालत भी बुरा था। जब हमारी सरकार आई तो हमने सारा काम किया है, अब किसी भी तरह के डर का माहौल नहीं है। लोग अब देर रात तक बेख़ौफ़ अपना काम करते हैं, बाहर घूमते हैं और रोजगार भी कर रहे हैं।
बता दें कि सीएम नीतीश समृद्धि यात्रा के तहत सुपौल के निर्मली पहुंचे थे जहां उन्होंने रिंग बांध का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने करीब 435 करोड़ रूपये की 84 योजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन भी किया। इसके बाद वे निर्मली अनुमंडल कार्यालय परिसर में आयोजित मुख्य समारोह स्थल पर जनसंवाद कार्यक्रम में शामिल हुए।

यह भी पढ़ें - राज्यसभा चुनाव में क्या करेंगे ओवैसी के विधायक? तेजस्वी की बैठक में नहीं...