सीतामढ़ी जिले के बथनाहा प्रखंड स्थित कमलदह गांव के प्राथमिक विद्यालय मंडल टोले में सोमवार को अफरा-तफरी मच गई, जब एक महिला शिक्षिका के साथ मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो में शिक्षिका के बाल खींचकर पिटाई किए जाने का दावा किया जा रहा है, जिसने प्रशासन और शिक्षा विभाग की नींद उड़ा दी है।
ग्रामीणों का आरोप है कि विद्यालय में बच्चों की नियमित पढ़ाई नहीं होती और मध्याह्न भोजन योजना का संचालन भी सही तरीके से नहीं हो रहा है। बताया गया है कि स्कूल में लगभग 200 बच्चे नामांकित हैं, लेकिन बच्चों को केवल एक किलो दाल दी जाती है, जो उनकी संख्या के हिसाब से बेहद कम है। ग्रामीणों ने इसे बच्चों के स्वास्थ्य और पोषण के साथ खिलवाड़ बताया है।
यह भी पढ़ें: आज पेश होगा बिहार का बजट, 4 लाख करोड़ के करीब, विकास और नई योजनाओं की उम्मीद
स्थानीय लोगों ने कई बार संबंधित अधिकारियों को शिकायत की, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। इसी आक्रोश के चलते बड़ी संख्या में ग्रामीण विद्यालय परिसर में जुट गए और हंगामा करने लगे। उन्होंने दोषी शिक्षकों और अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की और चेतावनी दी कि यदि जल्द सुधार नहीं हुआ तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।
यह भी पढ़ें: बिहार में मौसम का बड़ा ट्विस्ट! 48 घंटे में बारिश-कोहरा, तापमान भी गिरेगा
इस मामले में प्रधानाध्यापिका ज्योति कुमारी ने कोई बयान देने से इनकार किया है। प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी मनोज कुमार ने कहा कि पूरे मामले की जांच कराई जाएगी और दोषी पाए जाने पर नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल, वायरल वीडियो की सत्यता और मारपीट के कारणों की प्रशासनिक स्तर पर जांच जारी है। इस घटना ने जिले में शिक्षा व्यवस्था और स्कूल प्रशासन की स्थिति पर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।