बिहार में मौसम एक बार फिर करवट लेने वाला है। मौसम विभाग ने राज्य के कई हिस्सों के लिए अगले 48 घंटों के दौरान बारिश की संभावना जताते हुए अलर्ट जारी किया है। इस दौरान दिन और रात के तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की जा सकती है, जिससे ठंड का अहसास बढ़ेगा। मौसम विभाग ने बिहार के 5 जिलों में घने कोहरे को लेकर यलो अलर्ट भी जारी किया है। सुबह के समय विजिबिलिटी काफी कम रहने की आशंका है, जिससे सड़क और रेल यातायात प्रभावित हो सकता है। राजधानी पटना की बात करें तो यहां हल्के बादल छाए रह सकते हैं और बीच-बीच में धूप भी निकलने की संभावना है।
यह भी पढ़ें: एनएच-27 पर रुका ट्रक, खुलते ही उड़ गए पुलिस के होश! पूरी खबर पढ़ें
मौसम विज्ञानियों के अनुसार, बिहार में अगले तीन दिनों तक कोहरे की स्थिति बनी रह सकती है। खासतौर पर रात के तापमान में सामान्य से 1 से 2 डिग्री की गिरावट देखने को मिलेगी। हालांकि 10 फरवरी के बाद ठंड के प्रभाव में धीरे-धीरे कमी आने की उम्मीद है। राज्य के कई जिलों में कोहरे का असर साफ देखा जा रहा है। नालंदा, गोपालगंज और बगहा में सुबह के समय घना कोहरा छाया रहा। मधुबनी में विजिबिलिटी घटकर करीब 100 मीटर तक पहुंच गई, जिससे वाहन चालकों को लाइट जलाकर चलना पड़ा। कोहरे की वजह से अमृत भारत एक्सप्रेस सहित कई ट्रेनें घंटों देरी से चल रही हैं।
यह भी पढ़ें:
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि उत्तर भारत में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ भले ही कमजोर हो रहा हो, लेकिन इसके चलते वातावरण में नमी बनी हुई है। रात में तापमान गिरने और दिन में हल्की धूप निकलने से हवा में मौजूद नमी संघनित होकर कोहरे का रूप ले लेती है। साथ ही हवा की रफ्तार कम होने से नमी फैल नहीं पा रही, जिससे सुबह के समय कोहरा ज्यादा घना नजर आ रहा है। पटना मौसम केंद्र के अनुसार, बिहार में 8 फरवरी तक मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। राजधानी पटना में न्यूनतम तापमान 8 से 10 डिग्री और अधिकतम तापमान 22 से 24 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। दिन में हल्की गर्माहट रहेगी, लेकिन सुबह और रात में ठंड और धुंध का असर बना रहेगा।