बिहार के वैशाली जिले से एक बेहद दर्दनाक मामला सामने आया है, जहां कर्ज के दबाव और कथित मानसिक प्रताड़ना से परेशान एक महिला ने आत्महत्या कर ली। मृतका की पहचान दुर्गा देवी (30) के रूप में हुई है, जो गोरौल थाना क्षेत्र के राजखंड गांव की रहने वाली थी। घटना गुरुवार रात की बताई जा रही है। मामले को लेकर मृतका के पिता अशोक महतो ने गोरौल थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है। एफआईआर में निजी बैंक के तीन कर्मियों के साथ-साथ दुर्गा देवी के पति, सास और ससुर को भी आरोपित किया गया है।
यह भी पढ़ें: NEET छात्रा के परिजन पहुंचे CBI ऑफिस, भाई ने कहा 'बार बार पूछा जा रहा एक ही सवाल...'
परिजनों के अनुसार, दुर्गा देवी ने करीब एक साल पहले गोरौल स्थित एक निजी बैंक से एक लाख रुपये का लोन लिया था। उन्होंने केवल एक किस्त 2900 रुपये ही जमा की थी, जिसके बाद बाकी रकम के लिए बैंककर्मियों द्वारा लगातार दबाव बनाया जा रहा था। आरोप है कि गुरुवार शाम को बैंक के कर्मचारी वसूली के लिए दुर्गा के घर पहुंचे और किस्त नहीं जमा होने पर गाली-गलौज करने लगे। मृतका के पिता का कहना है कि दुर्गा ने अपने पति पवन कुमार से किस्त चुकाने के लिए मदद मांगी, लेकिन उसने साफ इनकार कर दिया। इसके बाद ससुराल पक्ष और बैंककर्मियों द्वारा कथित तौर पर मानसिक प्रताड़ना दी जाने लगी। लगातार बढ़ते दबाव और तनाव के कारण दुर्गा देवी ने रात में आत्मघाती कदम उठा लिया।
यह भी पढ़ें: ईद के अवसर पर राजद कार्यालय में छुट्टी, कभी होती थी हजारों की भीड़, आखिर क्या है वजह...
पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए बैंककर्मी विभा देवी और अरविंद कुमार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। डीएसपी ने बताया कि एफआईआर के आधार पर आगे की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। गौरतलब है कि हाल के दिनों में लोन की किस्त और वसूली के दबाव से जुड़े ऐसे मामलों में बढ़ोतरी देखी जा रही है, जो चिंता का विषय बनता जा रहा है।
यह भी पढ़ें: पश्चिम बंगाल में होगी सत्ता परिवर्तन या कुर्सी पर डटी रहेंगी ममता बनर्जी, BJP ने कस ली है कमर..




