पटना: मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार ईद के दिन भी काफी सक्रिय रहे। शनिवार की सुबह वे राजधानी के गांधी मैदान में आयोजित ईद के समारोह में पहुंची तो उसके बाद उन्होंने कई अन्य जगहों पर भी शिरकत की। इसके साथ ही उन्होंने पार्टी के विभिन्न प्रकोष्ठों के अध्यक्ष के साथ बैठक भी की। निशांत कुमार फिर केंद्रीय मंत्री ललन सिंह से मुलाकात करने उनके आवास पर पहुंचे। निशांत की पार्टी के प्रकोष्ठों के अध्यक्ष के साथ बैठक को औपचारिक मुलाकात बताया गया है। जानकारी मिल रही है कि निशांत रविवार को पार्टी के प्रवक्ताओं के साथ बैठक कर सकते हैं।
बता दें कि अब तक राजनीति से कोसों दूर रहे निशांत कुमार पार्टी की सदस्यता लेने के बाद से लगातार सक्रिय हैं और पार्टी के नेता और कार्यकर्ताओं के साथ लगातार बैठकें कर रहे हैं। पार्टी सूत्रों की मानें तो निशांत राजनीति में कदम रखने के बाद पार्टी की कार्यप्रणाली को नजदीक से समझने की कोशिश कर रहे हैं और यही वजह है कि वे पार्टी के विभिन्न नेताओं और कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर बैठक कर रहे हैं।
यह भी पढ़ें - पश्चिम बंगाल में होगी सत्ता परिवर्तन या कुर्सी पर डटी रहेंगी ममता बनर्जी, BJP ने कस ली है कमर..
बता दें कि लंबे समय से सीएम नीतीश के बेटे निशांत की राजनीति में आने की मांग उठ रही थी। सीएम नीतीश ने जब मुख्यमंत्री पद छोड़ कर राज्यसभा जाने की घोषणा की उसके बाद निशांत ने पार्टी की सदस्यता ली। अब माना जा रहा है कि नए मुख्यमंत्री के कैबिनेट में निशांत को कोई अहम जिम्मेवारी दी जा सकती है साथ ही वे नीतीश के उत्तराधिकारी के रूप में पार्टी की जिम्मेवारी भी संभालेंगे। इस संबंध में पार्टी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा ने मीडिया से बात करते हुए स्वीकार भी किया था कि निशांत को नई सरकार में अहम जिम्मेदारी दी जा सकती है।
यह भी पढ़ें - ईद के अवसर पर राजद कार्यालय में छुट्टी, कभी होती थी हजारों की भीड़, आखिर क्या है वजह...




