मुजफ्फरपुर: बिहार में इन दिनों पुलिस और सरकार में बैठे लोग एक तरफ अपराध नियंत्रण का दावा करते दिख रहे हैं तो दूसरी तरफ अपराधी इस कदर बेख़ौफ़ हैं कि वे पुलिस पर फायरिंग से भी नहीं हिचकते हैं। इसी कड़ी में मुजफ्फरपुर में अपराधियों ने पुलिस पर ताबड़तोड़ फायरिंग की जिसमें एक ASI को गोली लग गई है। घायल हालत में पुलिस अधिकारी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहां उनका इलाज चल रहा है। वहीं घटना की जानकारी मिलने के बाद भारी संख्या में पुलिस मौके पर पहुंच कर घेराबंदी में जुट गई।
घटना मुजफ्फरपुर के बेला इलाके की है जहां एटीएम से धोखाधड़ी करने वाले गिरोह के एक शातिर सदस्य की बेला चौक के समीप मौजूदगी की खबर पुलिस को मिली। सूचना के आधार पर ASI विकास सिंह अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और संदिग्ध की घेराबंदी शुरू कर दी। इसी दौरान पहले से घात लगाये अपराधियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जब तक पुलिसकर्मी संभल पाते तब तक गोली ASI विकास कुमार सिंह को लग गई। मौके पर गोलीबारी के बाद अफरातफरी का माहौल हो गया।
यह भी पढ़ें - “बेचारा” शब्द बना बिहार विधानसभा में बहस की वजह! रामविलास पासवान के नाम पर सियासी संग्राम, माफी की मांग से गरमाया सदन
पुलिस टीम में मौजूद अन्य सदस्यों ने जख्मी पुलिस अधिकारी को तत्काल वहां से निकाल कर एक निजी अस्पताल में पहुँचाया जहां उनकी स्थिति गंभीर बनी हुई है। घटना की जानकारी मिलने के बाद एसएसपी कांतेश कुमार मिश्रा भी अस्पताल पहुंचे और घायल अधिकारी से बातचीत कर हालचाल लिया।इसके बाद उनके निर्देश पर पुलिस ने इलाके समेत शहर की नाकेबंदी कर दी। फ़िलहाल पुलिस की स्पेशल टीमें सीसीटीवी फूटेज खंगालने में जुट गई है और अपराधियों के संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। स्थनीय लोगों से भी पूछताछ कर सुराग खोजने की कोशिश में पुलिस जुटी हुई है
यह भी पढ़ें - भागलपुर कलेक्ट्रेट को बम से उड़ाने की धमकी से दहशत का माहौल, पुलिस ने किया इलाका सील...
मुजफ्फरपुर से चंदन की रिपोर्ट