पटना: होली पर्व मनाने को लेकर शुरू हुई बातचीत के पति पत्नी के विवाद ने हिंसक रूप ले लिया और इसके बाद पति ने अपनी पत्नी की पीट पीट कर हत्या कर दी। घटना के बाद पति ने खुद ही पुलिस को मामले की जानकारी दी जिसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। वहीं पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और आगे की कार्रवाई में जुट गई। बताया जा रहा है मृतिका PMCH में हेड नर्स के पद पर कार्यरत थी। घटना राजधानी पटना के दानापुर थाना क्षेत्र अंतर्गत पूर्वी गोला रोड की है जहां होली पर्व पर ससुराल जाने को लेकर शुरू हुई बातचीत विवाद में बदला और फिर पति ने पत्नी की हत्या कर दी।
घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। मृतिका की पहचान चांदनी कुमारी के रूप में की गई जो कि PMCH में हेड नर्स के रूप में की गई। घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि पति पत्नी के बीच होली में ससुराल जाने को लेकर बातचीत शुरू हुई थी और दोनों में विवाद में हो गया। इस दौरान पति सोनू कुमार सिंह ने अपनी पत्नी चांदनी कुमारी की पीट कर हत्या कर दी। पत्नी की हत्या के बाद वह अपने दो वर्ष के पुत्र को लेकर अपने घर छपरा चला गया और फिर देर रात वापस पटना आया और तब उसने डायल 112 पर फोन कर मामले की जानकारी दी। घटना की सूचना मिलने के बाद पूलिस मौके पर पहुंची और आरोपी पति को हिरासत में ले कर छानबीन में जुट गई।
यह भी पढ़ें - इस चुनाव में तेज प्रताप यादव उतारेंगे अपने उम्मीदवार, मीडिया से बात करते हुए कहा...
घटना के संबंध में पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि शुक्रवार की शाम उसने पत्नी को होली के अवसर पर छपरा चलने के लिए कहा था और इसी बात पर दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया। विवाद के दौरान उसने अपनी पत्नी को एक जोरदार थप्पड़ मारा था जिससे उसके कान से खून निकलने लगा था। इसके बाद उसने गला दबा कर उसके सीने पर वार कर दी जिससे उसकी मौत हो गई। वहीं मृतिका की बहन ने बताया कि दोनों की शादी फरवरी 2023 में हुई थी और उनका दो साल का एक बेटा भी है। उसने बताया कि आरोपी सोनू ऑनलाइन गेम में 4 लाख रूपये हार चुका था जिसके बाद चांदनी ने उसे पैसे दिए थे।
पत्नी ने कुछ जमीन भी खरीदी थी और उस जमीन को लेकर भी पति पत्नी के बीच विवाद चल रहा था। मृतिका के परिजनों ने आरोप लगाया कि पति चांदनी को काफी प्रताड़ित करते थे और हमेशा पैसों की मांग करते थे। उन्होंने मृतिका के शरीर पर कई चोट के निशान होने की भी बात कही है। परिजनों ने बताया कि देर रात सोनू ने खुद ही फोन कर हत्या की सूचना दी और जब सभी लोग वहां पहुंचे तो खून से लथपथ शव पड़ा था जबकि पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया था। मामले को लेकर दानापुर थानाध्यक्ष प्रशांत कुमार भारद्वाज ने कहा कि मामले की जांच की जा रही है। मृतिका के परिजनों के लिखित आवेदन के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है। फिलहाल उससे पूछताछ जारी है।
पटना से पशुपतिनाथ शर्मा की रिपोर्ट