Join Us On WhatsApp

मुस्लिम युवती ने हिंदू युवक से किया प्रेम विवाह, घर पहुंच गए दर्जनों लोगों ने की जम कर मारपीट...

दरभंगा में बीते दिनों एक मुस्लिम युवती ने हिंदू युवक से प्रेम विवाह किया तो दूसरे गांव के दर्जनों लोग उनके घर पहुंच कर मारपीट की. इस मामले में पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है लेकिन अब तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई जिसके बाद...

muslim marriages with hindu youth
मुस्लिम युवती ने हिंदू युवक से किया प्रेम विवाह, घर पहुंच गए दर्जनों लोगों ने की जम कर मारपीट...- फोटो : Darsh News

दरभंगा: दरभंगा से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है जहां एक मुस्लिम युवती ने हिंदू युवक से शादी की तो उसके घर में घुस कर कुछ असामाजिक तत्वों ने जम कर उत्पात मचाया और परिवार के सदस्यों के साथ मारपीट करने के साथ ही लूटपाट भी की। घटना के बाद पीड़ित के परिवार सहमे हुए हैं वहीँ इलाके में आक्रोश का माहौल है। पीड़ित परिवार ने एक सप्ताह बीत जाने के बावजूद आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने से पूरे परिवार को खतरा बताया है। मामले की जानकारी मिलने के बाद विधायक मैथिली ठाकुर भी मौके पर पहुंची और पुलिस को कार्रवाई के निर्देश दिया।

घटना दरभंगा के सकतपुर थाना क्षेत्र के कुर्सो गांव की है जहां बीते 14 जनवरी को एक मुस्लिम युवती और हिंदू युवक की शादी के बाद करीब 50 की संख्या में पहुंचे लोगों ने घर में घुस कर मारपीट और लूटपाट करते हुए कई गंभीर धमकी भी दी। घटना को लेकर पीड़ित परिवार ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है जिसके बाद पुलिस छानबीन में जुट गई है। हालांकि अब तक आरोपी की गिरफ्तारी नहीं होने के बाद हिंदू समुदाय के लोगों ने पुलिस पर पैसे के बल पर कार्रवाई नहीं करने का आरोप लगाया है।

पढाई के दौरान हुई मुलाकात फिर खाई कसमें...

घटना के संबंध में पीड़ित परिवार ने बताया कि युवक बीए का छात्र है और वह पढाई करने के लिए घर से करीब 20 किलोमीटर दूर बहेड़ी जाता था जहां उसकी मुलाकात दूसरे समुदाय की एक युवती से हुई और दोनों में बातचीत हो शुरू हो गई। दोनों सोशल मीडिया के जरिये भी जुड़े और बातचीत करने लगे। करीब 6 महीने पहले दोनों ने अपने प्यार का इजहार किया और साथ रहने की कसमें भी खाई। बीते 14 जनवरी को युवक जब अपनी प्रेमिका से मिलने पहुंचा तो युवती ने उसके घर जाने की इक्षा जताई जिसके बाद वह उसे अपने घर ले आया।

यह भी पढ़ें    -      पटना में सुबह सुबह हुई ठांय-ठांय, पुलिस मुठभेड़ में लॉरेंस बिश्नोई गैंग का शूटर....

युवती के परिवार को नहीं है कोई दिक्कत

पीड़ित परिवार ने बताया कि युवती के घर आने के बाद मामले की जानकारी गांव के मुखिया समेत अन्य लोगों को भी दी जिसके बाद युवती के परिवार से भी बातचीत की गई। इस दौरान युवती की मां ने कहा था कि घर में कोई पुरुष नहीं है और उन्हें अपनी बेटी के फैसले से कोई आपत्ति नहीं है। युवक के पिता ने बताया कि उसी रात जब वे लोग सोने जा रहे थे तभी दूसरे मोहल्ले के करीब 50 लोग उनके घर के बाहर जमा हो गए और युवक युवती को बाहर निकालने की मांग करने लगे। इस दौरान कुछ लोग घर में घुस गए और परिवार के अन्य लोगों समेत युवक युवती के साथ भी मारपीट करने लगे। लोगों ने घर से दो मोबाइल और कुछ रूपये भी लूट लिए। फ़िलहाल युवक युवती ने 16 जनवरी को कोर्ट में शादी कर ली और पुलिस अभिरक्षा में किसी अज्ञात स्थान पर रह रहे हैं।

घर की महिलाओं के साथ निकाह की दे रहे धमकी

युवक के पिता ने कुछ आरोपियों का नाम भी बताया और कहा कि मारपीट के दौरान वे लोग कह रहे थे कि तुम लोग मुस्लिम लड़की को घर में रख लोगे? तुम्हारे घर की महिलाएं बाहर निकलेंगी तो उनके साथ अब निकाह किया जायेगा। धमकी के बाद से पूरा परिवार दहशत में है। पीड़ित परिवार ने बताया कि जिस गांव में मेरा घर है उस गांव में करीब 300 परिवार मुस्लिम है जबकि हिंदू सिर्फ दो परिवार है। गांव के मुस्लिम परिवारों को युवक युवती के फैसले से कोई दिक्कत नहीं है लेकिन दूसरे मोहल्ले के वैसे लोगों ने मेरे घर पहुंच कर धमकी और मारपीट की जिसका न तो गांव से कोई नाता है और न ही युवती से। उन्होंने बताया कि घटना के तीन दिन बाद तक पुलिस ने कैंप किया लेकिन अब तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। पुलिस अधिकारियों से पूछने पर 'देखते हैं, करते हैं' जैसे जवाब दिए जा रहे हैं।

यह भी पढ़ें    -      नीट छात्रा मौत मामले में SIT को हाथ लगी अहम सुराग, आज भी कर सकती है...

विधायक ने कहा 'कानून से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं'

घटना की सूचना पर अलीनगर की विधायक मैथिली ठाकुर भी पहुंची और पीड़ित परिवार से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने सकतपुर थानाध्यक्ष से फोन पर बातचीत कर कड़ी कार्रवाई करने का निर्देश दिया। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि कानून से खिलवाड़ किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने पीड़ित परिवार को अपना मोबाइल नंबर दिया और कहा कि कभी कोई परेशानी हो तो दिन हो या रात फोन करें, मैं तुरंत पहुंच जाउंगी। इस दौरान मैथिली ठाकुर ने पीड़ित परिवार को कहा कि आपकी पूरी जिम्मेवारी मैं लेती हूँ।

गांव के मुस्लिम परिवारों को भी नहीं दिक्कत

घटना के संबंध में गांव के मुस्लिम परिवार के लोगों ने कहा कि हमलोग वर्षों से आपसी भाईचारे के साथ रहते हैं। अगर हिंदू युवक ने एक मुस्लिम युवती के साथ शादी की तो इससे हमलोगों को कोई दिक्कत नहीं है। हमला करने वाले लोग न तो हमारे गांव के हैं और न ही युवती के गांव के और न ही वे किसी के रिश्तेदार हैं। उन लोगों ने बेवजह ही इस घटना को अंजाम दिया। वहीं मौके पर बगल के गांव के हिंदू समाजसेवी ने कहा कि ऐसा पहले भी हो चुका है कि हिंदू लडकी ने मुस्लिम लड़का के साथ शादी की है बावजूद इसके हमलोगों ने कोई विरोध नहीं किया। घटना के वक्त अगर हिंदू लोग जुट जाते तो फिर सांप्रदायिक दंगा की स्थिति हो सकती थी इसलिए हमलोगों ने धैर्य रखा। अब पुलिस को अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए।

यह भी पढ़ें    -      रामलला प्रतिष्ठा दिवस की तीसरी वर्षगांठ पर रिलीज हुआ मनोज भावुक का गीत ' मेरे राम '


Scan and join

darsh news whats app qr
Join Us On WhatsApp