बिहार से राज्यसभा की पांच सीटों के लिए 16 मार्च को होने वाले मतदान को लेकर सियासी गतिविधियां तेज हो गई हैं। सत्तारूढ़ एनडीए अपने विधायकों को एकजुट रखने और सभी उम्मीदवारों को जिताने के लिए पूरी गोपनीयता के साथ रणनीति बना रहा है। इसी कड़ी में गुरुवार रात डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी के पटना स्थित आवास पर एनडीए विधायकों की बैठक और रात्रि भोज का आयोजन किया गया।
बैठक में विधायकों को राज्यसभा चुनाव की मतदान प्रक्रिया के बारे में विस्तार से बताया गया और सही तरीके से वोट डालने की ट्रेनिंग दी गई। यह ट्रेनिंग भाजपा के पूर्व मंत्री और मधुबनी के झंझारपुर से विधायक नीतीश मिश्रा ने दी। हालांकि, किस विधायक को किस उम्मीदवार के पक्ष में वोट करना है, इसका खुलासा अभी तक नहीं किया गया है। सूत्रों के अनुसार, एनडीए अपने विधायकों को यह जानकारी मतदान से ठीक पहले 15 मार्च की रात को देगा।
यह भी पढ़ें: गैस को लेकर अफवाह का असर: सासाराम में सुबह 5 बजे से लाइन, अररिया में 135 सिलेंडर जब्त
बताया जा रहा है कि चुनाव से पहले एनडीए के विधायक दो और रात्रि भोज में शामिल होंगे। इनमें राष्ट्रीय लोक मोर्चा के अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा 14 मार्च को अपने आवास पर विधायकों की मेजबानी करेंगे, जबकि 15 मार्च को जदयू के वरिष्ठ नेता और मंत्री विजय कुमार चौधरी के घर बैठक होगी। इसी बैठक में विधायकों को अंतिम रूप से बताया जाएगा कि उन्हें किस उम्मीदवार को वोट देना है।
यह भी पढ़ें: अपार कार्ड में बड़ी देरी: आधार होने के बाद भी 17 लाख छात्रों का आईडी नहीं बना
इस बार एनडीए की ओर से मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, भाजपा के नितिन नवीन, जदयू के रामनाथ ठाकुर, आरएलएम के उपेंद्र कुशवाहा और भाजपा के शिवेश राम उम्मीदवार हैं। गठबंधन के पास कुल 202 विधायकों का समर्थन है, जिससे चार सीटें लगभग तय मानी जा रही हैं। हालांकि पांचवीं सीट के लिए एनडीए को अतिरिक्त वोटों की जरूरत होगी, जिसके लिए विपक्ष में संभावित क्रॉस वोटिंग पर नजर रखी जा रही है। वहीं महागठबंधन की ओर से राजद ने अमरेंद्र धारी सिंह उर्फ एडी सिंह को मैदान में उतारा है। इस सीट को लेकर सियासी मुकाबला दिलचस्प हो गया है और सभी की नजर 16 मार्च को होने वाले मतदान पर टिकी हुई है।