पटना और थावे के बीच शुरू हुई नई फास्ट पैसेंजर ट्रेन केवल एक रेल सेवा नहीं, बल्कि क्षेत्रीय जरूरतों और लंबे समय से उठ रही जनभावनाओं का ठोस जवाब है। यह पहल न सिर्फ यात्रियों की सुविधा बढ़ाएगी, बल्कि धार्मिक पर्यटन और स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी नई गति देने का काम करेगी। रविवार को इस नई ट्रेन सेवा का शुभारंभ पटना जंक्शन से हुआ, जहां पटना साहिब के सांसद रविशंकर प्रसाद और विधायक श्याम रजक ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर ट्रेन को रवाना किया। उद्घाटन के मौके पर दोनों जनप्रतिनिधियों ने इसे क्षेत्र के लिए एक महत्वपूर्ण कदम बताया।
सांसद रविशंकर प्रसाद ने कहा कि थावे का क्षेत्र धार्मिक दृष्टि से बेहद अहम है, जहां स्थित प्रसिद्ध थावे मंदिर में हर दिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। लंबे समय से यह मांग की जा रही थी कि पटना से थावे के लिए सीधी और आसान रेल सेवा शुरू की जाए, ताकि यात्रियों को राहत मिल सके। उन्होंने उम्मीद जताई कि इस नई ट्रेन के शुरू होने से धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और सारण व गोपालगंज के लोगों को राजधानी से बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी।
यह भी पढ़ें: पुलिस को दी थी खुली चुनौती, '15 को मरूँगा'...... मोतिहारी में रात के अँधेरे में हुआ एनकाउंटर
इस ट्रेन के संचालन में लोको पायलट मनीष कुमार, सीनियर सहायक लोको पायलट मधुसूदन प्रसाद और ट्रेन मैनेजर आरके सिंह की अहम भूमिका रही। उद्घाटन यात्रा के दौरान यात्रियों में खासा उत्साह देखने को मिला और लोगों ने रेलवे के इस कदम की सराहना की। नई फास्ट पैसेंजर ट्रेन संख्या 55515 पटना जंक्शन से प्रतिदिन दोपहर 12:10 बजे रवाना होकर फुलवारी शरीफ, पाटलिपुत्र, दीघा ब्रिज हाल्ट, दिघवारा, गोल्डिनगंज, खैरा, मढ़ौरा, मशरख, दिघवा दुबौली, सिधवलिया, रतनसराय और गोपालगंज होते हुए शाम 7:00 बजे थावे जंक्शन पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन संख्या 55516 थावे जंक्शन से रात 8:05 बजे प्रस्थान कर अगले दिन सुबह 3:20 बजे पटना जंक्शन पहुंचेगी। इस दौरान यह ट्रेन सभी प्रमुख स्टेशनों पर ठहराव करेगी।
करीब 173 किलोमीटर की दूरी तय करने में इस ट्रेन को पटना से थावे तक लगभग 6 घंटे 50 मिनट का समय लगेगा, जबकि वापसी में यह सफर करीब 7 घंटे 15 मिनट में पूरा होगा। ट्रेन में कुल 24 कोच लगाए गए हैं, जिनमें 22 सामान्य द्वितीय श्रेणी और 2 एसएलआरडी कोच शामिल हैं। इस सेवा के शुरू होने से दैनिक यात्रियों, छात्रों, नौकरीपेशा लोगों और श्रद्धालुओं को सीधा लाभ मिलेगा। साथ ही, क्षेत्रीय व्यापार और पर्यटन गतिविधियों में भी तेजी आने की संभावना जताई जा रही है।