कटिहार जिले में शराब तस्करी के खिलाफ पुलिस लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है। इसी कड़ी में मुफस्सिल थाना पुलिस ने गश्ती के दौरान बड़ी सफलता हासिल करते हुए बंगाल से लाई जा रही भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद की है। यह कार्रवाई गणतंत्र दिवस को लेकर चलाए जा रहे सघन जांच अभियान के दौरान की गई। पुलिस सूत्रों के अनुसार, गणतंत्र दिवस को देखते हुए जिले के सीमावर्ती इलाकों के साथ-साथ शहर के बाहरी क्षेत्रों में वाहन जांच और शराब तस्करों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान मुफस्सिल थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि बंगाल से बाइक पर अवैध रूप से विदेशी शराब लाई जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए छापेमारी शुरू कर दी।
यह भी पढ़ें: RJD में नया युग: तेजस्वी को मिली कमान, सम्राट चौधरी का समर्थन, वहीँ रोहिणी - तेजप्रताप हुए नाखुश
छापेमारी के दौरान मनिया के समीप एक बाइक सवार पुलिस को देखकर भागने लगा। पुलिस ने तुरंत उसका पीछा किया और कुछ ही दूरी पर बाइक को रोककर दोनों सवारों को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से लगभग 21 लीटर विदेशी शराब बरामद की गई। पुलिस ने मौके से बाइक को भी जब्त कर लिया है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान अमित कुमार और मो. इरफान के रूप में हुई है। प्रारंभिक पूछताछ में पता चला है कि शराब को अवैध रूप से तस्करी के उद्देश्य से ले जाया जा रहा था। दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर मुफस्सिल थाना लाया गया, जहां उनसे पूछताछ की जा रही है।
यह भी पढ़ें: राज्य ही नहीं, देश ने पहचाना साहस—बिहार पुलिस के 22 जांबाज़ सम्मानित
मुफस्सिल थाना पुलिस ने इस मामले में बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस शराब तस्करी के पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं और इसका नेटवर्क कितना बड़ा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जिले में शराब तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और किसी भी सूरत में कानून तोड़ने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।