Join Us On WhatsApp

सुपौल: आधी रात घर में घुसे चोर, जेवरात और कैश पर किया हाथ साफ

सुपौल के राघोपुर थाना क्षेत्र के गणपतगंज वार्ड-3 में देर रात चोरों ने एक घर को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के जेवरात और नकदी पर हाथ साफ कर दिया।

theft in supaul
सुपौल: आधी रात घर में घुसे चोर, जेवरात और कैश पर किया हाथ साफ- फोटो : Darsh NEWS

सुपौल जिले के राघोपुर थाना क्षेत्र से एक बार फिर चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है, जहां चोरों ने सुनसान घर को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के जेवरात और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। यह घटना गणपतगंज वार्ड संख्या-3 की बताई जा रही है, जिससे इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, मौलाना अब्दुल हमीद अपने ससुराल गए हुए थे और घर में केवल उनकी पत्नी तुलसुम खातून मौजूद थीं। इसी दौरान देर रात चोरों ने घर में घुसकर पूरे मकान को खंगाल डाला। सुबह जब पीड़िता की नींद खुली तो घर के पीछे से आ रही हल्की आवाज ने उन्हें सतर्क कर दिया। बाहर निकलकर देखा तो घर के भीतर सामान बिखरा पड़ा था और कुछ लोग भागते हुए नजर आए।

यह भी पढ़ें: गोपालगंज में हादसा: बेलगाम स्कूल बस ने ली दो बच्चों की जान

तुलसुम खातून के अनुसार, चोर घर से चांदी के करीब 10 भरी का गले का हार, 10 भरी का पायल, 5 भरी का एक अन्य पायल, 2 भरी का कान का झुमका, 2 भरी का बलिया, 5 भरी का चनन हार और लगभग 25 हजार रुपये नकद चोरी कर ले गए। अनुमान लगाया जा रहा है कि चोरी किए गए सामान की कुल कीमत लाखों रुपये में है। घटना की सूचना मिलते ही पीड़ित परिवार ने डायल 112 पर कॉल कर पुलिस को जानकारी दी। सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने मौके का निरीक्षण किया और आसपास के लोगों से पूछताछ की। पुलिस का कहना है कि जल्द ही मामले का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।

यह भी पढ़ें: आलमपुर के पास एक कुएं से मिली महिला की डेड बॉडी से पूरे गाँव में मचा हडकंप

स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं से लोगों में भय का माहौल है। उन्होंने रात में पुलिस गश्त बढ़ाने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और सुराग तलाशे जा रहे हैं।


Scan and join

darsh news whats app qr
Join Us On WhatsApp