पटना: बिहार के मुख्यमंत्री और शिक्षा विभाग के घोषणा के बावजूद अब तक शिक्षक भर्ती परीक्षा TRE-4 परीक्षा का विज्ञापन जारी नहीं किया गया है। हालांकि इस संबंध में BPSC ने एक नोटिस जारी कर यह सूचना जरुर दी थी कि बहुत जल्दी ही शिक्षक भर्ती परीक्षा का नोटिफिकेशन जारी किया जायेगा लेकिन अब तक इस संबंध में कोई दूसरी सूचना सामने नहीं आई है। शिक्षक भर्ती परीक्षा में हो रही देरी के विरोध में शिक्षक अभ्यर्थी लगातार आक्रोशित हैं और लगातार सड़कों पर उतर कर प्रदर्शन कर रहे हैं। एक बार फिर राजधानी पटना में शिक्ष अभ्यर्थी सड़क पर उतरे और सरकार के साथ ही शिक्षा विभाग के विरुद्ध नारेबाजी की।
छात्र नेता दिलीप के नेतृत्व में दर्जनों की संख्या में शिक्षक अभ्यर्थी सड़क पर उतरे और परीक्षा का नोटिफिकेशन जारी करने की मांग की। इस दौरान छात्रों ने कहा कि पहले मुख्यमंत्री ने घोषणा की थी कि करीब 1 लाख पदों पर भर्ती की जाएगी उसके बाद शिक्षा मंत्री और विभाग ने पदों की संख्या कम कर दी। शिक्षक अभ्यर्थियों की उम्र निकलती जा रही है लेकिन आयोग ने अब तक नोटिफिकेशन जारी नहीं किया है। जब भी हमलोग मांग करते हैं, या बात करते हैं या फिर प्रदर्शन करते हैं तो हमें आश्वासन दी जाती है कि बहुत जल्द ही इसके लिए नोटिफिकेशन जारी कर दिया जायेगा लेकिन उसके बाद सभी अधिकारी भूल जाते हैं और सो जाते हैं।
यह भी पढ़ें - अब अनंत सिंह की विरासत संभालेंगे बेटे अभिषेक सिंह, स्थानीय लोगों ने कहा...
प्रदर्शन कर रहे छात्रों ने कहा कि पिछले एक वर्ष से शिक्षक अभ्यर्थियों को सिर्फ आश्वासन मिल रहा है। एक तरफ सरकार नौकरी और रोजगार देने का वादा करती है तो दूसरी तरफ अभ्यर्थियों को ठगा जा रहा है। हमलोग मजबूर हैं सड़क पर उतरने के लिए। अभ्यर्थियों ने कहा कि सरकार की तरफ से बार बार वादा किया जा रहा है। चुनाव के समय से ही सत्ता पक्ष के नेता चीख चीख कर कह रहे हैं कि हमलोग बड़ी संख्या में शिक्षक की नियुक्ति करेंगे लेकिन 6 महीने से अधिक वक्त बीत जाने के बावजूद अब तक नोटिफिकेशन जारी नहीं किया गया है।

कभी शिक्षा विभाग यह कह कर मामला लटकाता रहा कि जिलों से रिक्ति जुटाई जा रही है तो कभी कहा गया कि आयोग को अधियाचना भेजी जा रही है। अब विभाग ने अधियाचना भेज दी है बावजूद इसके BPSC की तरफ से देरी की जा रही है। हमारी मांग है कि सरकार अपना वादा करे और शिक्षक भर्ती परीक्षा का नोटिफिकेशन जारी करे अन्यथा हमलोग अब अनिश्चितकालीन प्रदर्शन करने को बाध्य होंगे।
यह भी पढ़ें - POCSO एक्ट के आरोपी को पकड़ने गई पुलिस पर पत्थरबाजी, फायरिंग में एक किसान...