पटना: बिहार विधानसभा के बजट सत्र के चौथे दिन नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने राज्य सरकार पर जम कर हमला किया। उन्होंने सरकार को कोल्ड स्टोरेज बताया और कहा कि सरकार हर आपराधिक मामलों में कार्रवाई की जगह ठंडे बसते में डालने की कोशिश करती है। राज्य में विकास नहीं हो रहा है लेकिन सत्ता में बैठे नेता खूब जप रहे हैं कि तेजी से विकास हो रहा है। सदन में तेजस्वी के भाषण के बाद उप मुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने करारा जवाब दिया। विजय सिन्हा ने कहा कि नेता प्रतिपक्ष की पीड़ा को हमलोग समझते हैं। उन्होंने कहा कि यह सदन कई एतिहासिक क्षणों का गवाह है।
हम उस क्षणों के गवाह भले नहीं बन सके लेकिन आजादी के पहले और बाद में कई एतिहासिक बातें हुई। नेता प्रतिपक्ष गलत करने की बात कहते हैं तो गलत करने का सारा ठेका तो उन्होंने ही ले रखा है। आज बिहार ही नहीं देश जानता है कि जंगलराज का युवराज कौन है। जो लोकतंत्र की हत्या करने वाले की गोद में बैठ कर जंगलराज के युवराज लोकतंत्र को परिवारतंत्र में बदलने वाले संवैधानिक संस्थाओं का अपमान करने वाले और जानवरों तक का चारा चुराने वाले मानसिकता के लोग उपदेश कतई न दें। नई सरकार की नई पहल है, सुशासन से समृद्धि और डबल इंजन की सरकार बिहार के मुख्यमंत्री और देश के प्रधानमंत्री के विकसित बिहार बनाने का जो संकल्प लिया है उसका मजबूत नींव डाला जा चुका है।
यह भी पढ़ें - शेरो शायरी के साथ सदन में बैठ कर सरकार पर हमलावर रहे तेजस्वी यादव, कहा 'हम भी देंगे साथ अगर...'
उप मुख्यमंत्री विजय सिन्हा ने कहा कि इन्होने जिस अपराधियों के डर की बात कही, बिहार गवाह है नरसंहारों में मां बहनों की चूड़ियाँ और सिसकियाँ फूटती थी वह नरसंहार NDA सरकार ने खत्म की है। उप मुख्यमंत्री विजय सिन्हा तेजस्वी यादव पर जबरदस्त तरीके से हमलावर होते हुए कहा कि जो व्यक्ति भारतीय संस्कृति और परिवेश का सम्मान नहीं करे, घर की बहू बेटी का सम्मान न करे वह बिहार और देश की महिलाओं का सम्मान करेगा यह कैसे संभव है। प्रधानमंत्री को आज देश ही नहीं दुनिया नेता मानता है। अमेरिका का राष्ट्रपति कहते हैं कि वह हमारे नेता हैं। ये लोग छटपटाहट में हैं, जंगलराज वाले मानसिकता के लोगों की बेचैनी घबराहट में बदल रही है।
विजय सिन्हा ने कहा कि बिहार के इतिहास में जब जंगलराज, नरसंहार, सामाजिक उन्माद की बात होगी, पलायन की बात होगी तो वह वक्त याद किया जायेगा। पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी जी ने अपने कैबिनेट के लोगों को बिहार में सुशासन के लिए भेजा था। आज जिसने बिहार का चेहरा और पहचान को बदला उस के ऊपर कमेंट, ऐसे मानसिकता के लोग हैं ये। ये लोग पूरी तरह से अराजकता के शिकार हैं। बिहार की जनता ने लोकतंत्र में आपको नकार दिया। आपको आपकी बातों से ही मुक्त कर दिया, आपको समीक्षा करना चाहिए कि जनता ने आपके भौकाल को खत्म कर दिया। बिहार भौकाल से नहीं, जनता के सरोकार से चलेगा। बिहार ने इतिहास रच दिया है कि 20 वर्षों से जो सरकार है उसे एक बार फिर पूर्ण बहुमत से जनादेश दिया है।
उप मुख्यमंत्री विजय सिन्हा ने कहा कि ये कहते हैं कि शर्म नहीं है तो शर्मसार तो उन्हें होना चाहिए कि आपके भौकाल को जनता ने नकार दिया। जो जनता के सरोकार पर काम कर रहा है, जनता ने उन्हें ही चुना है। आने वाले दिनों में लोकतंत्र की चिता बनाने की मानसिकता वाले लोगों को बिहार की जनता कभी स्वीकार नहीं करेगी।
यह भी पढ़ें - दरभंगा में पूरा गांव ही बन गया SC ST एक्ट का आरोपी, पुलिस ने कार्रवाई भी शुरू कर दी जबकि....