NEET छात्रा मौत मामले में DGP ने IG जितेंद्र राणा को किया तलब, की SIT जांच की समीक्षा
पटना: बड़ी खबर राजधानी पटना से है जहां बहुचर्चित नीट छात्रा की संदिग्ध मौत मामले की जांच की DGP विनय कुमार ने समीक्षा की है। DGP ने SIT के प्रमुख पटना के आईजी जितेंद्र राणा से मामले की जानकारी ली साथ ही जांच की प्रगति की भी समीक्षा की। इस दौरान डीजीपी विनय कुमार सख्त लहजे में दिखे और उन्होंने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिया कि हर हाल में दोषी बचना नहीं चाहिए। उन्होंने जल्द से जांच पूर्ण कर आरोपियों को गिरफ्तार करने का भी निर्देश दिया।
IG के साथ SSP और SDPO भी रहे मौजूद
DGP विनय कुमार ने राजधानी पटना शंभू गर्ल्स हॉस्टल में छात्रा की संदिग्ध मौत मामले में जांच की समीक्षा के लिए आईजी जितेंद्र राणा को तलब किया। इस दौरान DG कुंदन कृष्णन, SSP कार्तिकेय के शर्मा, सदर ASP अभिनव और सचिवालय SDPO अनु कुमारी भी उपस्थित रही। पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार DGP विनय कुमार ने अधिकारियों से मामले में SIT जांच की प्रगति और अब तक के निष्कर्ष की जानकारी ली साथ ही कई निर्देश भी दिए।
कल तत्कालीन थानाध्यक्ष से भी हुई थी पूछताछ
बता दें कि गुरुवार को SIT ने पांच संदिग्धों को हिरासत में लिया जबकि एसएसपी कार्यालय में चित्रगुप्त नगर थाना की तत्कालीन थानाध्यक्ष रौशनी कुमारी को भी तलब किया गया था। तत्कालीन थानाध्यक्ष रौशनी कुमारी से लंबी पूछताछ की गई जबकि हिरासत में लिए गए संदिग्धों से भी लगातार पूछताछ की जा रही है। पुलिस सूत्रों की मानें तो SIT अब जांच के अंतिम दौर में है और कभी भी मामले का खुलासा कर सकती है। बताया जा रहा है कि छात्रा की मौत मामले में SIT आरोपियों के काफी करीब पहुंच चुकी है और अब DNA जांच के रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है जिसके बाद पुलिस आरोपियों को गिरफ्तार कर लेगी और पुलिस इस मामले का खुलासा भी करेगी।
मोबाइल डाटा से की गई है छेड़छाड़
इसके साथ ही पुलिस सूत्रों से जानकारी मिली है कि छात्रा के मोबाइल का डाटा रिकवर कर लिया गया है। मोबाइल फोन के डाटा के जांच में पता चला है कि उसके डाटा के साथ छेड़छाड़ किया गया था। फ़िलहाल पुलिस ने तीन संदिग्धों को जांच के घेरे में रखा है। इन संदिग्धों में एक जहानाबाद के और दो पटना के रहने वाले हैं। संभावना है कि DNA जांच रिपोर्ट भी शुक्रवार की शाम तक आ जायेगा जिसके बाद SIT इस मामले का खुलासा कर सकती है।
बता दें कि बीते 6 जनवरी को शंभू गर्ल्स हॉस्टल में रह रही नीट की छात्रा को संदिग्ध रूप से बेहोश हालत में राजधानी पटना के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। करीब 5 दिनों तक इलाज के बाद परिजनों ने छात्रा को मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। इस मामले में छात्रा के परिजन इलाज के दौरान से ही लगातार हैवानियत किये जाने का दावा करते रहे हैं लेकिन हॉस्टल प्रबंधन, प्राथमिक उपचार करने वाले अस्पताल और पुलिस की प्रारंभिक जांच के बाद परिजनों के दावे को ख़ारिज कर दिया गया लेकिन छात्रा की मौत के बाद पोस्टमार्टम रिपोर्ट में उसके साथ हैवानियत की पुष्टि की गई। इसके साथ ही FSL की टीम ने भी अपनी जांच रिपोर्ट छात्रा के कपड़ों पर स्पर्म पाए जाने की पुष्टि की थी।
यह भी पढ़ें - न तो हमारा विभाग बीमारू है और न ही हम बीमार कर्मियों को बर्दाश्त करेंगे, मंत्री लखेंद्र पासवान ने कहा दो टूक...
पटना से चंदन तिवारी की रिपोर्ट