बिहार में अजीबोगरीब मामला : एडमिट कार्ड में उम्मीदवार की जगह कुत्ते की फोटो
बिहार के रोहतास जिले से भर्ती प्रक्रिया से जुड़ा एक बेहद हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक अभ्यर्थी के एडमिट कार्ड में उसकी फोटो की जगह कुत्ते की तस्वीर छपने से प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं। यह मामला सामने आने के बाद संबंधित अभ्यर्थी काफी परेशान है और उसने इस गलती को तुरंत सुधारने की मांग की है।
जानकारी के मुताबिक रोहतास जिले के विक्रमगंज थाना क्षेत्र के धता गांव निवासी रितेश कुमार ने साल 2022 में सिविल कोर्ट में चपरासी पद के लिए ऑनलाइन आवेदन किया था। लंबे इंतजार के बाद अब वर्ष 2026 में इस भर्ती परीक्षा के लिए एडमिट कार्ड जारी किए गए हैं। जब रितेश कुमार ने अपना एडमिट कार्ड डाउनलोड किया तो उसमें एक अजीब गलती दिखाई दी।
यह भी पढ़ें: भारत में अब इंधन की नहीं होगी कमी, एस जयशंकर से बातचीत के बाद इस बात के लिए मान गया है ईरान
रितेश कुमार के अनुसार एडमिट कार्ड में उनका नाम, पता और अन्य जानकारी सही दर्ज थी, लेकिन फोटो वाले स्थान पर उनकी तस्वीर की जगह कुत्ते की फोटो लगी हुई थी। पहले उन्हें लगा कि शायद डाउनलोड करने के दौरान कोई तकनीकी समस्या हुई होगी। हालांकि दोबारा डाउनलोड करने और जांच करने पर भी वही तस्वीर दिखाई दी। इस अजीबोगरीब गलती को देखकर रितेश कुमार हैरान रह गए। उन्होंने तुरंत संबंधित विभाग और भर्ती बोर्ड को इसकी जानकारी देते हुए एडमिट कार्ड में सुधार करने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि समय रहते यह त्रुटि ठीक नहीं हुई तो परीक्षा केंद्र पर उन्हें परेशानी हो सकती है।
यह भी पढ़ें: पटना में STF ने की बड़ी कार्रवाई, हत्या मामले के तीन आरोपियों को दबोचा...
बताया जा रहा है कि सिविल कोर्ट में चपरासी पद के लिए लिखित परीक्षा 15 मार्च को आयोजित होनी है और रितेश कुमार का परीक्षा केंद्र सहरसा में निर्धारित किया गया है। ऐसे में परीक्षा से ठीक पहले सामने आई इस गलती ने उनकी चिंता बढ़ा दी है। गौरतलब है कि बिहार में सरकारी दस्तावेजों में इस तरह की तकनीकी गलतियों के मामले पहले भी सामने आते रहे हैं, जिसके कारण ऑनलाइन आवेदन और दस्तावेज़ सत्यापन प्रक्रिया की पारदर्शिता पर समय-समय पर सवाल उठते रहे हैं।