darsh news

कुछ ही घंटों में चोरों ने किया घर साफ, 10 लाख की संपत्ति गायब

Thieves cleaned out the house in a few hours, property worth

जहानाबाद नगर थाना क्षेत्र में चोरों ने बंद घर को निशाना बनाते हुए बड़ी चोरी की घटना को अंजाम दिया। दक्षिणी दौलतपुर स्थित परशुराम नगर में अज्ञात चोरों ने घर का ताला तोड़कर नगद, गहने और कीमती सामान समेत करीब 10 लाख रुपये की संपत्ति चोरी कर ली। घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया, वहीं पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

मिली जानकारी के अनुसार घर के मालिक नागेश कुमार, जो बीएसएफ में कार्यरत हैं, इन दिनों छुट्टी पर घर आए हुए थे। बीती रात उनकी माता की तबीयत अचानक बिगड़ गई, जिसके बाद वे पूरे परिवार के साथ घर में ताला लगाकर इलाज के लिए अस्पताल चले गए। इसी दौरान चोरों ने सूने घर का फायदा उठाते हुए मुख्य दरवाजे का ताला तोड़ दिया और घर के अंदर घुस गए।

यह भी पढ़ें: राज्यसभा चुनाव से पहले NDA एक्टिव, विधायकों को दी वोटिंग की ट्रेनिंग

चोरों ने घर के अंदर रखी अलमारी, बक्से और पेटी को तोड़कर उसमें रखे सोने-चांदी के गहने, नकदी और अन्य कीमती सामान लेकर फरार हो गए। सुबह जब परिवार के लोग अस्पताल से लौटकर घर पहुंचे तो मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ मिला। अंदर जाने पर सभी कमरों का सामान बिखरा हुआ था और अलमारी तथा बक्से टूटे पड़े थे। यह देखकर परिवार के लोग घबरा गए और तुरंत पुलिस को सूचना दी।

यह भी पढ़ें: गैस को लेकर अफवाह का असर: सासाराम में सुबह 5 बजे से लाइन, अररिया में 135 सिलेंडर जब्त

सूचना मिलने के बाद डायल 112 की टीम और स्थानीय थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की, जिसमें तीन संदिग्ध लोग घर के आसपास घूमते हुए नजर आए हैं। हालांकि कैमरा दूर होने के कारण उनकी पहचान स्पष्ट नहीं हो पाई है। पीड़ित नागेश कुमार ने बताया कि घर की मरम्मत के लिए करीब 50 हजार रुपये नकद भी घर में रखे हुए थे, जिसे भी चोर अपने साथ ले गए। इस संबंध में नगर थाना में लिखित आवेदन दिया गया है। फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान कर उन्हें पकड़ने की कोशिश कर रही है।

Scan and join

darsh news whats app qr