darsh news

जब लपटों ने निगल लिया पूरा बाजार, 35 लाख की संपत्ति पल भर में स्वाहा

aag ki lapton ne nigal liya pura supaul bazar

सुपौल: पिपरा थाना क्षेत्र के वार्ड संख्या 11 स्थित पिपरा बाजार में देर रात भीषण अगलगी की घटना ने पूरे इलाके में अफरा-तफरी मचा दी। इस आगलगी में चार दुकानें और एक दोमंजिला आवासीय मकान पूरी तरह जलकर खाक हो गया। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार इस हादसे में करीब 35 लाख रुपये की संपत्ति का नुकसान हुआ है।

स्थानीय लोगों के अनुसार, देर रात अचानक एक दुकान से आग की लपटें उठती दिखाई दीं, जिसने देखते ही देखते आसपास की दुकानों और आवासीय भवन को अपनी चपेट में ले लिया। आग इतनी भयावह थी कि लगातार गैस सिलेंडर फटने लगे, जिससे इलाके में दहशत का माहौल बन गया। सिलेंडर ब्लास्ट के कारण लोग आग बुझाने के लिए पास जाने की हिम्मत नहीं कर पा रहे थे।

यह भी पढ़ें: लव स्टोरी या प्लान्ड फ्रॉड? पुलिस जांच में उलझा मामला

घटना की सूचना मिलने के बावजूद दमकल की गाड़ियां करीब डेढ़ घंटे की देरी से मौके पर पहुंचीं। तीन दमकल वाहनों ने स्थानीय लोगों की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक चारों दुकानें और आवासीय घर में रखा सारा सामान जलकर राख हो चुका था। बताया जा रहा है कि घर में शादी समारोह के लिए लाखों रुपये का सामान खरीदा गया था, जो पूरी तरह नष्ट हो गया।



दमकल की गाड़ियों के देर से पहुंचने को लेकर स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखा गया। लोगों का कहना है कि यदि समय पर फायर ब्रिगेड पहुंच जाती, तो नुकसान को काफी हद तक कम किया जा सकता था। घटना की जानकारी मिलते ही सुबह पिपरा अंचलाधिकारी (CO) उमा कुमारी मौके पर पहुंचीं और स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि अग्निपीड़ित परिवारों के लिए तत्काल राहत की व्यवस्था की जा रही है। साथ ही दमकल की देरी को लेकर जिला प्रशासन से बातचीत कर आवश्यक कार्रवाई की बात कही।

सुपौल से अमरेश कुमार की रिपोर्ट।


Scan and join

darsh news whats app qr