नालंदा: भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू आगामी 31 मार्च को बिहार के राजगीर दौरे पर बिहार आएँगी। राष्ट्रपति के आगमन को लेकर तैयारियां तेज कर दी गई है। राष्ट्रपति बनने के बाद उनका यह पहला नालंदा दौरा होगा जिससे कार्यक्रम को लेकर आयोजकों में खासा उत्साह देखा जा रहा है। राष्ट्रपति मुर्मू 31 मार्च को नालंदा विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में भाग लेंगी और छात्रों को सम्मानित भी करेंगी।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार राष्ट्रपति सबसे पहले विश्वविद्यालय परिसर में पहुंचेंगी जहां वह छात्रों को संबोधित करेंगी और उन्हें भविष्य के लिए प्रेरित भी करेंगी। समारोह के दौरान मेधावी छात्रों को गोल मेडल और अन्य पुरस्कार से सम्मानित भी किया जायेगा। विश्वविद्यालय प्रशासन इस कार्यक्रम को लेकर जोरशोर से आयोजन में लगा है। यहां अतिथियों के बैठने, स्वागत और अन्य व्यवस्थाओं को लेकर खास तैयारी की जा रही है।
कार्यक्रम में देश और विदेश आने वाले शिक्षाविद और अन्य विशिष्ट मेहमानों के बैठने की अलग से व्यवस्था की गई है। कार्यक्रम में शामिल होने के बाद राष्ट्रपति नालंदा के प्राचीन भग्नावेश का भ्रमण करेंगी। बता दें कि यह अवशेष विश्व धरोहर की सूची में शामिल है और भारत की प्राचीन शिक्षा परंपरा का प्रतीक भी माना जाता है। राष्ट्रपति के आगमन को लेकर प्रशासन विशेष रूप से अलर्ट पर है और आसपास के इलाकों की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। जगह जगह पर पुलिस बल की तैनाती की जाएगी।




