कोन्हवा में सड़क हादसा : एक बच्चे को बचाने की कोशिश में दो की मौत, लेकिन कार चालक ख़ुद सुरक्षित… जाने पूरी वजह
गोपालगंज: नगर थाना क्षेत्र के कोन्हवा मोड़ के पास शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जिसमें दो युवकों की मौत हो गई। घटना उस समय हुई जब तेज रफ्तार से आ रही एक अनियंत्रित कार ने सड़क पार कर रहे एक बच्चे को बचाने की कोशिश की। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार ने बच्चे को बचाने के दौरान कोन्हवा गांव निवासी मुमताज मियां के 30 वर्षीय पुत्र *फिरोज मियां* को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि फिरोज मियां की मौके पर ही मौत हो गई।
यह भी पढ़ें: पुल की रेलिंग तोड़कर SUV गिरी पानी में, दो युवकों की मौके पर मौत
हादसे के बाद कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे हाई टेंशन बिजली के पोल से टकरा गई। इसके कारण कार में करंट फैल गया। इसी दौरान जनार्दन प्रसाद के 28 वर्षीय पुत्र जितेंद्र प्रसाद वहां पहुंचे और यह देखने के लिए कि कहीं कोई व्यक्ति कार में फंसा तो नहीं है, कार के पास गए। तभी वह हाई टेंशन करंट की चपेट में आ गए और उनकी भी मौके पर ही मौत हो गई।सूचना मिलने पर नगर थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर सदर अस्पताल भेजा और मामले की जांच शुरू कर दी। बताया जा रहा है कि कार सवार लोग पोल से टकराने के बाद तुरंत वाहन से बाहर निकल गए और सुरक्षित हैं।
यह भी पढ़ें: कृषि विभाग की बम्पर योजना: अब फसलों के साथ-साथ किसानों की आमदनी भी होगी मीठी
इस हादसे के बाद इलाके में शोक की लहर है। परिजन और ग्रामीण इस हृदयविदारक घटना से गहरे दुखी हैं। पुलिस हादसे के कारणों और वाहन चालक की भूमिका की जांच कर रही है। यह घटना एक बार फिर सड़क पर तेज रफ्तार और लापरवाही के खतरों को उजागर करती है।