पटना: बिहार में अब एक तरफ जहां भीषण गर्मी ने लोगों को झुलसना शुरू कर दिया है तो दूसरी तरफ बारिश भी लोगों को भींगाने वाली है। मौसम विभाग ने अगले 48 घंटे को लेकर पूर्वानुमान जारी किया है जिसके तहत सीमांचल के जिलों में बादलों की गड़गड़ाहट रहेगी तो बारिश भी होने की संभावना है। वहीं दक्षिण बिहार में गर्मी लोगों को झुलसाने वाली होगी। मौसम विभाग ने अररिया, कटिहार, किशनगंज और पूर्णिया के लिए शुक्रवार तथा शनिवार के लिए गरज चमक के साथ हल्की बारिश और तेज हवा की आशंका जताई है। वहीं रोहतास, भभुआ और औरंगाबाद में पछुआ हवा की वजह से तापमान 40 डिग्री के पार होने का अनुमान लगाया है।
मौसम विभाग ने पहले ही चेतावनी दी है कि 18 अप्रैल से बक्सर, रोहतास, कैमूर, भोजपुर, औरंगाबाद, गया जी और पटना समेत कई जिलों में लू चलने की आशंका जताई है। 19 अप्रैल से बिहार में पछुआ हवा का प्रवाह एक बार फिर तेज होगा। पछुआ हवा के आते ही वायुमंडल की नमी खत्म हो जाएगी और तापमान में तेजी से उछाल आएगा। मौसम विभाग के अनुसार, क्रमिक रूप से बढ़ते पारे के कारण बिहार के अधिकांश शहर भीषण गर्मी और लू की चपेट में आ सकते हैं। 19 तारीख के बाद पारा फिर से 42-43 डिग्री के पार जा सकता है। अभी बिहार में पूरवा और पछुआ हवाओं की खींचतान चल रही है.जहां पूरवा हवा चल रही है, तापमान में गिरावट देखी जा रही है।