पटना: बिहार में सम्राट चौधरी की सरकार बनते ही ताबड़तोड़ कार्रवाई शुरू हो गई है। इसी कड़ी में वैशाली, मुजफ्फरपुर समेत कई जिलों के जेल में सुबह 4 बजे से छापेमारी की गई। सभी ज़िलों में पुलिस अधीक्षक समेत सभी वरीय पुलिस अधिकारियों के नेतृत्व में छापेमारी की गई। वैशाली में एसपी, एसडीपीओ, डीएसपी समेत अन्य प्रशासनिक और पुलिस पदाधिकारियों के साथ भरी संख्या में पुलिस बल मौजूद रही। इस दौरान जेल के सभी वार्डों में सघन जांच की गई।

छापेमारी के दौरान अधिकारियों ने जेल परिसर की सुरक्षा का भी अवलोकन किया और मूल्यांकन किया। औचक निरीक्षण के उपरांत कारा परिसर से किसी भी प्रकार की आपत्तिजनक सामग्री की बरामदगी नहीं हुई, जिससे सुरक्षा व्यवस्था संतोषजनक पाई गई। अधिकारियों द्वारा कारा प्रशासन को सुरक्षा मानकों को निरंतर सुदृढ़ बनाए रखने एवं सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए। यह निरीक्षण कारा सुरक्षा को और अधिक प्रभावी बनाने तथा अपराधियों द्वारा कोई प्रतिबंधित सामान को चेक करने के उद्देश्य से किया गया।