उत्तर प्रदेश में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले सियासी तैयारियां जोर पकड़ रही हैं। सभी प्रमुख दल अब ग्राउंड पर सक्रिय हो गए हैं और जनता के बीच अपनी पकड़ मजबूत करने में जुटे हैं। समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने महिलाओं और प्रदेश के कानून-व्यवस्था को लेकर बड़ा ऐलान किया है।

अखिलेश ने कहा कि महिलाओं के लिए विशेष योजनाएं लागू की जाएंगी और सुरक्षा सुनिश्चित करने की दिशा में कदम बढ़ाए जाएंगे। उन्होंने प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर सीधे हमला करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर निशाना साधा। उन्होंने लखनऊ में बनाए गए ग्रीन कॉरिडोर का जिक्र करते हुए कहा कि यह सड़क निर्माण के मानकों के बिल्कुल खिलाफ है और इसमें पैदल चलने वालों के लिए जगह नहीं है।

यह भी पढ़ें: मंत्री संजय सिंह पर संगीन आरोप, RJD ने उठाए वारंट और घोटाले के सवाल

इसके अलावा, गैस सिलेंडरों की किल्लत पर भी उन्होंने तीखा तंज कसा। उनके अनुसार, अब सिलेंडर मिलना मुकद्दर पर निर्भर हो गया है, और झांसी में BJP के एक नेता ने भरे सिलेंडरों का पूरा ट्रक ही चोरी करवा दिया। गोरखपुर का उदाहरण देते हुए अखिलेश ने कहा कि वहां से BJP के अपने नेता भी कानून-व्यवस्था की पोल खोल रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि “हथेली गरम तो पुलिस नरम” यूपी पुलिस का नया सिद्धांत बन गया है। उनका कहना था कि गोरखपुर में कानून-व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो गई है।

यह भी पढ़ें: “जल्द पकड़ो आरोपी” – पूर्णिया से पप्पू यादव का प्रशासन को अल्टीमेटम

विश्लेषकों का मानना है कि भाजपा और सपा के बीच सियासी टकराव अगले विधानसभा चुनाव में और तेज होगा। जनता की उम्मीदें और प्रशासनिक चुनौतियां, दोनों ही पार्टियों के लिए निर्णायक साबित हो सकती हैं।