मोकामा से जदयू विधायक और बाहुबली नेता अनंत सिंह को पटना हाईकोर्ट ने दुलारचंद हत्याकांड में जमानत दे दी है। अदालत के आदेश के बाद वे सोमवार दोपहर 2 बजे जेल से बाहर आएंगे। उनके पटना स्थित माल रोड के आवास पर कल उनके समर्थकों द्वारा भव्य स्वागत की तैयारी जोर-शोर से की जा रही है। पंडाल लगाया गया है और 1,500 से 1,800 कुर्सियों की व्यवस्था की गई है। गर्मी को देखते हुए बड़े-बड़े पंखे और कूलर भी लगाए जा रहे हैं, ताकि समर्थकों को कोई परेशानी न हो। अनुमान है कि इस दौरान 10 से 15 हजार से अधिक लोग वहां एकत्रित होंगे।
अनंत सिंह के स्वागत के लिए खास दावत की भी तैयारी की गई है। लगभग 3 लाख रसगुल्ले बाढ़ से पटना लाए जाएंगे। इसके अलावा पनीर की विभिन्न डिश, दाल, मिक्स वेज, पूड़ी-रोटी, लिट्टी-चोखा, कचौड़ी और पुलाव भी तैयार किए जा रहे हैं। मिठाइयों में रसगुल्ले और गुलाब जामुन शामिल हैं।
यह भी पढ़ें: मधेपुरा में बिहार बोर्ड रिजल्ट के पहले ही साइबर ठगों का कांड, छात्रा को पास कराने के लिए मांगे पैसे
जानकारी के अनुसार अनंत सिंह 24 मार्च को सुबह 8 बजे बड़हिया स्थित महारानी स्थल पूजा-अर्चना करेंगे। इसके बाद वे अपने बाढ़ स्थित आवास लौटेंगे। इस दौरान रास्ते में कई जगह उनका भव्य स्वागत किया जाएगा। समर्थक बताते हैं कि जब उनका काफिला चलता है, तो गाड़ियों की संख्या अनगिनत होती है।
यह भी पढ़ें: सिलेंडर हुआ मुकद्दर पर निर्भर, BJP नेता ही करवा रहे चोरी – अखिलेश यादव की घेराबंदी
बता दें कि 30 अक्टूबर 2025 को बिहार विधानसभा चुनाव प्रचार के दौरान दुलारचंद यादव की हत्या हुई थी। इसके बाद 1 नवंबर की रात पटना SSP कार्तिकेय शर्मा ने मोकामा स्थित अनंत सिंह के आवास से उन्हें गिरफ्तार किया था। वे करीब 4 महीने जेल में रहे।
यह भी पढ़ें: मंत्री संजय सिंह पर संगीन आरोप, RJD ने उठाए वारंट और घोटाले के सवाल
पटना HC में अनंत सिंह के वकील ने चार प्रमुख दलीलें रखी थीं। इसमें कहा गया कि मृतक पर लगी गोली अनंत सिंह ने नहीं चलाई थी, पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हत्या की वजह लाठी और गाड़ी से कुचलना बताई गई थी। घटना स्थल पर मौजूद पुलिसकर्मियों के बयान में भी उनका नाम नहीं आया। इसके अलावा, मृतक के पोते के बयान में उनकी हत्या का जिक्र नहीं था और क्योंकि वे एक राजनीतिक नेता हैं, इसलिए उनके खिलाफ बेवजह आरोप लगाए जाते रहे।




