बिहार की सियासत में एक बार फिर आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज हो गया है। राजद नेता मुकेश रोशन ने राज्य सरकार के PHED मंत्री संजय कुमार सिंह पर कई गंभीर आरोप लगाते हुए राजनीतिक माहौल गरमा दिया है। उन्होंने दावा किया कि संजय सिंह के खिलाफ छत्तीसगढ़ की एक अदालत से गिरफ्तारी वारंट जारी है, इसके बावजूद वे मंत्री पद पर बने हुए हैं, जो संवैधानिक मर्यादाओं के खिलाफ है।
मुकेश रोशन ने आरोप लगाया कि मंत्री ने पटना के राजीव नगर इलाके में फर्जी तरीके से जमीन हासिल की। साथ ही हाजीपुर में 11 लाख रुपये लेकर फ्लैट नहीं देने का मामला भी सामने आया है, जिसका वीडियो वायरल होने की बात कही जा रही है। उन्होंने कहा कि मंत्री को वारंट की जानकारी होने के बावजूद उन्होंने न्यायालय का सम्मान नहीं किया और पद पर बने रहना नैतिक रूप से गलत है।
यह भी पढ़ें: “जल्द पकड़ो आरोपी” – पूर्णिया से पप्पू यादव का प्रशासन को अल्टीमेटम
इसके अलावा राजद नेता ने यह भी आरोप लगाया कि चुनावी हलफनामे में आपराधिक मामलों की पूरी जानकारी नहीं दी गई और शैक्षणिक दस्तावेजों में भी अनियमितताएं हैं। इतना ही नहीं, एक 50 हजार रुपये के इनामी तस्कर को मंत्री का संरक्षण मिलने का भी आरोप लगाया गया है। राजद ने इस पूरे मामले को गंभीर बताते हुए मुख्यमंत्री और डीजीपी को पत्र लिखकर जांच और कार्रवाई की मांग की है। साथ ही पिछले तीन महीनों में PHED विभाग में हुई निविदाओं की जांच कराने की भी मांग उठाई गई है।
यह भी पढ़ें: ओलंपिक को लेकर बड़ा इशारा! क्या बिहार राज्य को मिलेगा मौका?
मुकेश रोशन ने चेतावनी दी है कि यदि इस मामले में जल्द कार्रवाई नहीं हुई, तो वे न्यायालय का रुख करेंगे। फिलहाल इन आरोपों को लेकर मंत्री या सरकार की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।




