मुजफ्फरपुर (मिठनपुरा थाना क्षेत्र) में 12 वर्षीय नाबालिग के साथ यौन शोषण का गंभीर मामला सामने आया है, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस मामले में तीन महिलाओं को हिरासत में लिया है, जिनकी भूमिका संदिग्ध मानी जा रही है। सभी से गहन पूछताछ की जा रही है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हिरासत में ली गई तीनों महिलाएं पीड़िता के परिवार की परिचित बताई जा रही हैं। आरोप है कि इन महिलाओं ने नाबालिग को बहला-फुसलाकर एक किराए के मकान में ले जाया, जहां पहले से मौजूद एक युवक ने उसके साथ गंभीर आपराधिक वारदात को अंजाम दिया। घटना के बाद मामले को दबाने की भी कोशिश की गई, ऐसा आरोप परिजनों ने लगाया है।
यह भी पढ़ें : 2 करोड़ की लूट के पीछे जेल कनेक्शन! महिला समेत 12 आरोपी गिरफ्तार
परिवार के अनुसार, घटना के बाद जब बच्ची की तबीयत बिगड़ने लगी तो उसे कुछ दवाइयां देकर चुप कराने का प्रयास किया गया। बाद में हालत गंभीर होने पर आरोपी मौके से फरार हो गए। परिजनों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद बच्ची को अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया है।
यह भी पढ़ें : जेडीयू की अहम बैठक के बीच तेजस्वी का बड़ा दावा—बिहार की सत्ता पर दिल्ली का कंट्रोल!
घटना की गंभीरता को देखते हुए नगर एसडीपीओ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कराई। पुलिस ने घटनास्थल वाले कमरे को सील कर दिया है ताकि महत्वपूर्ण साक्ष्य सुरक्षित रह सकें। फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) की टीम को भी जांच के लिए बुलाया गया है। नगर डीएसपी ने बताया कि तीनों महिलाओं से लगातार पूछताछ की जा रही है और जल्द ही मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाएगी। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है और किसी भी गुनाहगार को बख्शा नहीं जायेगा।