भागलपुर जिले में अपराधियों का दुस्साहस एक बार फिर सामने आया है। सजरौ थाना क्षेत्र के तेतरिया मोड़ के पास सोमवार देर रात अज्ञात बदमाशों ने एक CSP (Customer Service Point) संचालक को गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घायल युवक की पहचान 27 वर्षीय उत्तम कुमार के रूप में हुई है, जिसकी हालत फिलहाल नाजुक बनी हुई है।
परिजनों के अनुसार, घटना उस समय हुई जब उत्तम कुमार अपनी दुकान के पास ही मौजूद थे। उनके पिता शिव कुमार सिंह ने बताया कि वह दुकान के पीछे सो रहे थे, तभी अचानक गोली चलने की आवाज सुनाई दी। शुरुआत में उन्हें लगा कि पटाखा फूटा है, लेकिन कुछ ही देर बाद बेटे की चीख सुनकर वे बाहर दौड़े। बाहर का नजारा देख उनके होश उड़ गए—उत्तम जमीन पर खून से लथपथ पड़ा था।
यह भी पढ़ें: सुबह- सुबह डिप्टी कमिश्नर के घर-दफ्तर पर SVU का छापा !! करोड़ो की सम्पत्ति का सनसनी खुलासा
स्थानीय लोगों की मदद से आनन-फानन में घायल को भागलपुर के जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज अस्पताल (JLNMCH) पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए पटना रेफर कर दिया। इस बीच परिजन उसे एक निजी अस्पताल भी ले गए, जहां जांच में पता चला कि गोली सीने में फंसी हुई है, जिससे स्थिति और भी चिंताजनक बनी हुई है।
यह भी पढ़ें: छठ की तैयारी बनी काल! नाली से प्लेट निकालना पड़ा भारी, घाट पर ही युवक की हो गई दर्दनाक मौत
घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। देर रात हुई इस वारदात से स्थानीय लोग भी सहमे हुए हैं। वहीं, सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि अपराधियों की पहचान के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। फिलहाल, उत्तम कुमार जिंदगी और मौत के बीच जंग लड़ रहे हैं, जबकि पुलिस इस सनसनीखेज वारदात के पीछे की वजह तलाशने में जुटी है।
यह भी पढ़ें: मलाही पकड़ी मेट्रो स्टेशन हो गया है तैयार , फिर भी रुकी पटना मेट्रो....जानिए वजह