बिहार में भ्रष्टाचार के खिलाफ एक बार फिर बड़ी कार्रवाई सामने आई है। विशेष निगरानी इकाई (SVU) ने शिवहर के उप विकास आयुक्त (DDC) सह जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी पदाधिकारी बृजेश कुमार के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के आरोप में मामला दर्ज किया है। इस कार्रवाई ने प्रशासनिक महकमे में हलचल मचा दी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, बृजेश कुमार पर आरोप है कि उन्होंने अपने सेवा काल के दौरान विभिन्न पदों पर रहते हुए अवैध तरीकों से करीब 1 करोड़ 84 लाख 32 हजार 900 रुपये की संपत्ति बनाई। यह संपत्ति उनके ज्ञात आय स्रोतों से काफी अधिक बताई जा रही है, जिसे लेकर विशेष निगरानी इकाई ने जांच शुरू की थी। प्रारंभिक जांच में मिले साक्ष्यों के आधार पर केस दर्ज किया गया।

यह भी पढ़ें: छठ की तैयारी बनी काल! नाली से प्लेट निकालना पड़ा भारी, घाट पर ही युवक की हो गई दर्दनाक मौत

इसके बाद मंगलवार को विशेष न्यायाधीश, निगरानी, पटना द्वारा जारी सर्च वारंट के तहत एसवीयू की टीम ने एक साथ कई ठिकानों पर छापेमारी शुरू की। यह छापेमारी बेतिया, सीतामढ़ी और शिवहर में आरोपी से जुड़े सरकारी दफ्तरों और निजी आवासों पर की जा रही है। टीम दस्तावेजों, बैंक खातों, निवेश और अन्य संपत्तियों की गहन जांच कर रही है।

यह भी पढ़ें: मलाही पकड़ी मेट्रो स्टेशन हो गया है तैयार , फिर भी रुकी पटना मेट्रो....जानिए वजह

सूत्रों के मुताबिक, तलाशी के दौरान कई अहम दस्तावेज और संभावित निवेश से जुड़े कागजात हाथ लगने की उम्मीद है, जिससे संपत्ति के स्रोतों का खुलासा हो सकता है। हालांकि, अभी तक छापेमारी पूरी नहीं हुई है और जांच जारी है। इस कार्रवाई को राज्य में भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त संदेश के तौर पर देखा जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी और यदि आरोप सही पाए गए तो कड़ी कार्रवाई तय है।

यह भी पढ़ें: चैती छठ पर मौसम मेहरबान, लेकिन 48 घंटे बाद आसमान दिखाएगा तेवर!