मोकामा के चर्चित विधायक अनंत सिंह की जेल से रिहाई के बाद बाढ़ अनुमंडल में उनका भव्य स्वागत किया गया। करीब चार महीने बाद क्षेत्र में लौटे अनंत सिंह के स्वागत को लेकर समर्थकों में खासा उत्साह देखने को मिला। जगह-जगह लोगों ने फूल-मालाओं, ढोल-नगाड़ों और गाजे-बाजे के साथ उनका अभिनंदन किया, जिससे पूरे इलाके में उत्सव जैसा माहौल बन गया।

रिहाई के बाद अनंत सिंह का काफिला धार्मिक स्थलों की ओर बढ़ा। इस दौरान उन्होंने कई मंदिरों में पूजा-अर्चना की और आशीर्वाद लिया। जगदंबा स्थान में विशेष पूजा के बाद उनका काफिला बाढ़ अनुमंडल के सबनीमा गांव पहुंचा, जहां वे कुछ देर के लिए रुके। यहां बड़ी संख्या में समर्थकों की भीड़ उमड़ पड़ी और लोगों ने उन्हें फूल-मालाओं से लाद दिया।

यह भी पढ़ें: भागलपुर में खूनी वारदात: बदमाशों ने दिनदहाड़े मारी CSP संचालक के सीने में गोली

इस दौरान मीडिया ने उनसे बातचीत की कोशिश की, लेकिन अनंत सिंह ने किसी भी सवाल का जवाब देने से परहेज किया और चुप्पी साधे रखी। उनके समर्थकों का कहना है कि उनकी वापसी से क्षेत्र में एक बार फिर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। इसके बाद उनका काफिला अथमलगोला बाजार होते हुए बाढ़ की ओर बढ़ा। कार्यक्रम के अनुसार, वे अपने पैतृक गांव नदमा जाएंगे, जहां माता ब्राह्मणी की पूजा करेंगे। इसके बाद मोकामा और बाढ़ क्षेत्र में अन्य निर्धारित कार्यक्रमों में शामिल होंगे।

यह भी पढ़ें: सुबह- सुबह डिप्टी कमिश्नर के घर-दफ्तर पर SVU का छापा !! करोड़ो की सम्पत्ति का सनसनी खुलासा

स्वागत कार्यक्रम में उनके करीबी सहयोगी और स्थानीय समर्थक भी मौजूद रहे। उन्होंने इसे क्षेत्र के लिए खुशी का पल बताया। अनंत सिंह की वापसी को लेकर समर्थकों में उत्साह के साथ-साथ राजनीतिक हलकों में भी चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है।