बिहार की राजनीति में एक बार फिर हलचल तेज हो गई है। केंद्रीय मंत्री और लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वे अपने चाचा पशुपति पारस के पैर छूकर आशीर्वाद लेते नजर आ रहे हैं। इस एक तस्वीर ने राजनीतिक गलियारों में कई नए सवाल खड़े कर दिए हैं। दरअसल, चिराग पासवान सोमवार को खगड़िया जिले के अलौली प्रखंड स्थित अपने पैतृक गांव शहरबन्नी पहुंचे थे। यहां उन्होंने अपने दिवंगत चचेरे चाचा अर्जुन पासवान को श्रद्धांजलि अर्पित की। सबसे पहले उन्होंने अपने पिता और पूर्व केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान सहित पूर्वजों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर श्रद्धा सुमन अर्पित किए। इसके बाद अर्जुन पासवान के तैलचित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें याद किया।
यह भी पढ़ें: रिहाई के बाद पहली एंट्री में दिखा दम, बाढ़ में अनंत सिंह के स्वागत में उमड़ी भारी भीड़
श्रद्धांजलि कार्यक्रम के दौरान चिराग पासवान ने शोकाकुल परिवार से मुलाकात की और उनका हाल-चाल जाना। उन्होंने बड़ी मां राजकुमारी देवी से भी मिलकर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली और परिवार को सांत्वना दी।
इसी बीच एक ऐसा पल आया जिसने सबका ध्यान खींच लिया। चिराग पासवान की मुलाकात उनके चाचा पशुपति पारस से हुई। दोनों के बीच लंबे समय से राजनीतिक और पारिवारिक मतभेद रहे हैं, लेकिन मुलाकात के दौरान चिराग ने आगे बढ़कर पारस के पैर छू लिए और उनका आशीर्वाद लिया। इस दौरान दोनों के बीच क्या बातचीत हुई, इसकी जानकारी सामने नहीं आ सकी है।
यह भी पढ़ें: भागलपुर में खूनी वारदात: बदमाशों ने दिनदहाड़े मारी CSP संचालक के सीने में गोली
इस घटना के बाद कयासों का दौर शुरू हो गया है। राजनीतिक जानकार मान रहे हैं कि यह मुलाकात दोनों के रिश्तों में नरमी का संकेत हो सकती है। हालांकि, इस पर अभी किसी भी पक्ष की ओर से कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है। वहीं, पार्टी नेताओं ने दिवंगत अर्जुन पासवान के निधन को अपूरणीय क्षति बताते हुए परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की है।




