पटना: मोकामा के बाहुबली विधायक अनंत सिंह करीब चार महीने बाद जेल से सोमवार को बाहर निकले हैं और मंगलवार को वे बड़हिया के महारानी स्थान में दर्शन के लिए पटना से रवाना हुए। इस दौरान मोकामा समेत रास्ते में कई जगह पर समर्थकों ने उनका जोरदार स्वागत किया और नारे लगाये। वहीं मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने की घोषणा के बाद जेल से निकलने से पहले अनंत सिंह ने भी एलान कर दिया था कि अब वे कभी चुनाव नहीं लड़ेंगे। इस मामले में मंगलवार को मीडिया से बात करते हुए उन्होंने एक बार फिर दावा किया कि अब वह कभी चुनाव नहीं लड़ेंगे।
मोकामा के विधायक अनंत सिंह से जब मीडिया ने सवाल किया कि आपके तीन बेटे हैं, उनमे से मोकामा का अगला विधायक कौन होगा तो उन्होंने कहा कि जो जनता की सेवा करेगा वही बनेगा। जनता का प्यार कोई दुकान में नहीं मिलता है कि हम ला कर दे देंगे। अनंत सिंह ने कहा कि हम तीनों को जाचेंगे और जनता जिसे चाहेगी वही मोकामा का अगला विधायक होगा। विधायक बनने के लिए जनता की सेवा करनी होगी, काम करना होगा। जो बढिया करेगा वह विधायक बना रहेगा। बिना काम किये कुछ नहीं मिलेगा।
यह भी पढ़ें - रिहाई के बाद पहली एंट्री में दिखा दम, बाढ़ में अनंत सिंह के स्वागत में उमड़ी भारी भीड़
इस दौरान मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के दिल्ली जाने के सवाल पर अनंत सिंह ने कहा कि दिल्ली कौन सा विदेश में है, अपने ही देश में है न। लोग दिन भर में चार बार दिल्ली आना जाना कर सकता है। वह दिल्ली जा रहे हैं तो क्या हो गया। वहीं खुद भी दिल्ली जाने की इक्षा रखने के सवाल पर उन्होंने कहा कि हम तो जाते ही हैं दिल्ली। जबकि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत को लेकर उन्होंने कहा कि उनको तो आना ही चाहिए था और उन्हें मुख्यमंत्री भी बनना चाहिए।
बता दें कि विधानसभा चुनाव के दौरान जन सुराज प्रत्याशी के समर्थक दुलारचंद यादव की हत्या मामले में अनंत सिंह पिछले चार महीने से बेउर जेल में बंद थे। बीते चार दिन पहले उन्हें कोर्ट ने जमानत दी थी और सोमवार को वह बाहर निकले हैं। इसके साथ ही 1990 से ही मोकामा सीट पर अनंत सिंह के परिवार का कब्ज़ा रहा है। बीते वर्ष 2022 में एक मामले में दोषी पाए जाने के बाद अनंत सिंह को विधायक पद से हटना पड़ा था तो उपचुनाव में उनकी पत्नी नीलम देवी ने जीत हासिल की थी।
यह भी पढ़ें - बिना मुकाबले फिर ताज नीतीश के सिर, दिल्ली की राजनीति में बड़ी एंट्री की तैयारी?




